मानव तस्करी रोकने के लिए बगहा पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्राओं को किया सतर्क

लोगों को जानकारी देते डीएसपी यातायात राजेश कुमार व अन्य
बगहा पुलिस मानव तस्करी को रोकने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान चला रही है. रामनगर थाना क्षेत्र में छात्राओं और स्थानीय लोगों को इस गंभीर अपराध से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई. पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है.
Bagaha News: पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर पुलिस जिला बगहा की मानव व्यापार निरोध इकाई (एएचटीयू) की ओर से मानव तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में रामनगर थाना क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं और स्थानीय लोगों को मानव तस्करी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई.
रोजगार और शादी का झांसा देकर बनाते हैं शिकार
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मानव तस्करी एक गंभीर सामाजिक अपराध है. अपराधी अक्सर रोजगार, शिक्षा, शादी या बेहतर जीवन का झांसा देकर महिलाओं, बच्चों और अन्य लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं. ऐसे अपराधों से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय है.
अधिकारियों ने छात्राओं और ग्रामीणों को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूप, अपराधियों के तौर-तरीकों और बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी.
संदिग्ध गतिविधि की तुरंत दें सूचना
पुलिस ने लोगों से अपील की कि रोजगार, शिक्षा या अन्य किसी प्रलोभन के नाम पर अज्ञात व्यक्तियों के बहकावे में न आएं. यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें.
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों को अनजान लोगों के संपर्क में आने से बचाएं तथा बाहर भेजने से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन अवश्य कर लें.
स्कूलों और गांवों में आगे भी चलेगा अभियान
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) राजेश कुमार, रामनगर के प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान मानव तस्करी से संबंधित कानूनों और पीड़ितों के लिए उपलब्ध सरकारी सहायता योजनाओं की भी जानकारी दी गई.
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि मानव तस्करी समाज के लिए गंभीर चुनौती है. इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे, ताकि लोगों को जागरूक कर इस अपराध पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By चंद्रप्रकाश आर्य
चंद्रप्रकाश आर्य वर्ष 2006 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं . उन्होंने दैनिक प्रभात खबर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की और तभी से निष्पक्ष, तथ्यपरक तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं .वर्तमान में वे प्रभात खबर, बगहा कार्यालय में सहायक के रूप में कार्यरत हैं .सामाजिक, अपराध, राजनीति और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ मानी जाती है .अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग, तथ्य आधारित समाचारों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने के कारण उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है .
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










