बेगूसराय : सौतेली मां पर प्रताड़ना का आरोप, घर से निकले 2 मासूम भाई; पानी भरे गड्ढे के पास पहुंचे तो ग्रामीणों ने बचाया

Updated:
विज्ञापन

पुलिस को मारपीट की जख्म दिखाता मासूम बच्चा | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बेगूसराय में दो मासूम भाइयों को उनकी सौतेली मां द्वारा मारपीट कर घर से निकाले जाने का आरोप है. डरे-सहमे बच्चे पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गए थे, तभी ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित बचा लिया.

विज्ञापन

बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया. पानी से भरे गड्ढे की ओर जा रहे दो मासूम भाइयों को ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया. दोनों बच्चों ने अपनी सौतेली मां पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है.

विज्ञापन

पंजाब में रहते हैं पिता

जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्चे समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना अंतर्गत गोविंदपुर गांव निवासी बबलू शाह के पुत्र हैं. इनमें पांच वर्षीय गुलशन कुमार और तीन वर्षीय आर्यन कुमार शामिल हैं.

मां की मौत के बाद हुई थी दूसरी शादी

बच्चों की अपनी मां के निधन के बाद पिता ने खोदावंदपुर के मेघौल निवासी श्याम सुंदर साहु की पुत्री मौसम कुमारी से दूसरी शादी की थी. पिता आजीविका के लिए पंजाब में कार्यरत हैं, जिसके कारण दोनों बच्चे मेघौल में अपनी सौतेली मां के साथ रह रहे थे.

प्रताड़ित कर घर से निकाला

बड़े बच्चे गुलशन ने ग्रामीणों को बताया कि गुरुवार की सुबह सौतेली मां ने दोनों भाइयों के साथ जमकर मारपीट की और उन्हें घर से भगा दिया. डरे-सहमे बच्चे पैदल ही करीब दो किलोमीटर दूर बहियार की ओर निकल गए और पानी से भरे एक गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए.

इसी दौरान मलमल्ला गांव के ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी और अनहोनी की आशंका को देखते हुए उन्होंने तुरंत दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

जनप्रतिनिधियों की पहल पर पुलिस को सौंपे गए बच्चे, जांच जारी

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी. स्थानीय मुखिया की तत्परता से दोनों बच्चों को खोदावंदपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी.

दूसरी ओर, सौतेली मां मौसम कुमारी ने प्रताड़ना के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बच्चे काफी शरारती हैं और अक्सर बिना बताए घर से निकल जाते हैं; वह सुबह से ही उनकी तलाश कर रही थी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन