बेगूसराय : शाम 6 बजे बाद हॉल्ट पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, ग्रामीणों ने पुलिस गश्ती और बल तैनाती की मांग की
सोनमा प्राणपुर हौल्ट की फाइल तस्वीर
बेगूसराय के सोनमा-प्राणपुर हॉल्ट स्टेशन पर शाम 6 बजे के बाद असामाजिक तत्वों और नशाखोरों के जमावड़े से यात्रियों, खासकर महिलाओं को दिक्कत हो रही है. ग्रामीणों ने एसडीपीओ से सुरक्षा और नियमित गश्त की मांग की है.
Sonma Pranpur Halt Begusarai : बेगूसराय जिले के गढ़पुरा प्रखंड स्थित सोनमा-प्राणपुर हॉल्ट स्टेशन परिसर में शाम छह बजे के बाद नशापान करने वालों एवं असामाजिक तत्वों के जमावड़े से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
इसको लेकर सोनमा-प्राणपुर हॉल्ट स्टेशन विकास संघर्ष समिति एवं क्षेत्र के ग्रामीणों ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
शाम छह बजे के बाद बढ़ता है असामाजिक तत्वों का जमावड़ा
आवेदन में ग्रामीणों ने बताया है कि शाम छह बजे के बाद हॉल्ट परिसर में नशापान करने वालों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा लगा रहता है. इससे शाम के समय ट्रेन से आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी होती है.
विशेषकर महिला यात्रियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि स्टेशन पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है.
सड़क की ओर जाने वाले यात्रियों को खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि शाम के समय ट्रेन पकड़ने तथा ट्रेन से उतरकर सड़क की ओर जाने वाले यात्रियों को इन लोगों के कारण परेशानी होती है. हॉल्ट परिसर में नशापान पर रोक लगाने एवं असामाजिक तत्वों के जमावड़े को समाप्त करने के लिए नियमित पुलिस गश्त और जांच आवश्यक है.
Also Read : बेगूसराय में 48 घंटे में बदला बाढ़ का मंजर, जिस पुलिया से CM सम्राट ने लिया था जायजा अब तेज धार में डूबी
एसडीपीओ से पुलिस बल की तैनाती और कार्रवाई करने की गुहार
ग्रामीणों ने एसडीपीओ से स्टेशन परिसर में शाम के समय पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त तथा नशापान करने वालों एवं आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. आवेदन पर सोनमा-प्राणपुर हॉल्ट स्टेशन विकास संघर्ष समिति एवं क्षेत्र के ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं.
SDPO कुंदन कुमार ने दिया आश्वासन
इस संबंध में एसडीपीओ कुंदन कुमार ने बताया कि बखरी थाना क्षेत्र में आने वाले हिस्से में शाम के समय पुलिस की गश्ती गाड़ी लगातार भ्रमण करेगी. उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर जीआरपीएफ के क्षेत्राधिकार में आता है. यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जीआरपीएफ को भी इसकी सूचना दे दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए