बेगूसराय में दिनदहाड़े रणधीर राय की हत्या मामले में नौ नामजद समेत 5-6 अज्ञात पर प्राथमिकी, एक गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

पुलिस गिरफ्त में हत्याकांड का अभियुक्त  | Prabhat Khabar Network

Begusarai News : डंडारी के राजोपुर गांव में रणधीर राय की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पुलिस ने 9 लोगों को नामजद किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जांच जारी है.

विज्ञापन

Begusarai News : डंडारी थाना क्षेत्र के राजोपुर गांव में 27 अगस्त की दोपहर दिनदहाड़े हुई रणधीर राय की हत्या के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच और छापेमारी तेज कर दी है. मृतक के छोटे भाई एवं राजद के जिला सचिव रणवीर राय के आवेदन पर दर्ज प्राथमिकी में गांव के ही नौ नामजद सहित 5-6 अज्ञात बदमाशों को हत्या का आरोपी बनाया गया है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

प्राथमिकी में रणवीर राय ने बताया है कि 27 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 1:45 बजे उनके बड़े भाई रणधीर राय घर के बगल स्थित आम के बगीचे में किसी जरूरी काम से गए थे. बताया जाता है कि किसी व्यक्ति ने उन्हें फोन कर बगीचे में बुलाया था. रणधीर के बगीचे में पहुंचते ही वहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने हथियार और पिस्टल से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की लगातार तड़तड़ाहट से पूरा इलाका थर्रा उठा. गोली लगने से रणधीर राय की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गयी.

नौ नामजद सहित 5-6 अज्ञात पर हत्या का आरोप

मृतक के भाई के आवेदन के आधार पर पुलिस ने स्व. हरेराम पासवान के पुत्र सूरज पासवान एवं चांद पासवान, स्व. भोला पासवान के पुत्र कैलू पासवान, स्व. जयलगन पासवान के पुत्र बाल्मिकी पासवान, खख्कर पासवान के पुत्र सुधीर पासवान, गरीब पासवान के पुत्र मिथुन पासवान, फजिल पासवान के पुत्र राहुल पासवान, स्व. सत्यनारायण पासवान के पुत्र पशुपति पासवान तथा शोषण महतो के पुत्र फेकन महतो को नामजद आरोपी बनाया है. इनके अलावा 5-6 अज्ञात लोगों को भी प्राथमिकी में आरोपी बनाया गया है.

ग्रामीणों को आते देख बदमाशों ने की हवाई फायरिंग

रणवीर राय के अनुसार, गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े. ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख बदमाशों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवा में फायरिंग की और वहां से भाग निकले. आरोपी पास के गब्बर बहियार की तरफ भागे.

घटना की सूचना ग्रामीणों ने फोन के माध्यम से रणवीर राय को दी. सूचना मिलते ही वह आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे. वहां उन्होंने अपने बड़े भाई रणधीर राय को मृत अवस्था में पड़ा देखा. उनके शरीर से लगातार खून निकल रहा था. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा भी बरामद किया था.

हरेराम पासवान हत्याकांड से भी जुड़ा था पुराना विवाद

रणधीर राय की हत्या के पीछे पुराने विवाद को भी महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है. बताया गया कि 21 जुलाई 2025 को राजोपुर गांव निवासी हरेराम पासवान उर्फ हरिया की राजोपुर नाव घाट स्थित सूर्य मंदिर के समीप गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इस मामले में रणधीर राय को भी नामजद आरोपी बनाया गया था.

हालांकि, पुलिस की जांच में घटना के समय रणधीर के भागलपुर में मौजूद होने के साक्ष्य सामने आए थे. इसके बाद पुलिस ने अनुसंधान के आधार पर उन्हें हरेराम पासवान हत्याकांड से क्लीनचिट दे दी थी. मृतक के परिजनों का आरोप है कि इसके बाद से ही हरेराम पासवान के परिजन और समर्थक रणधीर से आक्रोशित थे. पुलिस अब इस पुराने विवाद को भी हत्या की वजह से जोड़कर जांच कर रही है.

भागलपुर के निजी स्कूल में शिक्षक थे रणधीर

बताया गया कि रणधीर राय लंबे समय से भागलपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे. रक्षाबंधन के अवसर पर वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ करीब चार दिन पहले ही राजोपुर स्थित अपने घर आए थे. परिवार के अनुसार, उन्हें सोमवार को वापस भागलपुर जाकर अपनी ड्यूटी ज्वाइन करनी थी.

परिजनों का कहना है कि उन्हें क्या पता था कि घर आने के कुछ ही दिनों बाद बदमाश उनकी जिंदगी छीन लेंगे. घटना के बाद पत्नी, बेटी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read : बाबा हरिगिरिधाम की दान पेटी से निकले 1.92 लाख रुपये, प्रशासनिक निगरानी में हुई गिनती

परिजनों ने जतायी जान-माल की सुरक्षा की चिंता

दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद मृतक के परिजनों में भय और दहशत का माहौल है. परिजनों ने आशंका जतायी है कि हत्या के आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और भविष्य में उनके तथा उनके परिवार के साथ भी किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं.

परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

Also Read : बिहार में 27 DSP का तबादला, 7 अधिकारियों को मिली नई SDPO जिम्मेदारी; पटना समेत कई जिलों में बड़ा फेरबदल

एक आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

इस मामले में डंडारी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है. नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. इसी क्रम में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.

गिरफ्तार आरोपी राजोपुर गांव के ही शोषण महतो के पुत्र फेकन महतो उर्फ सत्यनारायण महतो है. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस हत्या के कारणों, घटना से पहले रणधीर को बगीचे में बुलाने वाले व्यक्ति और नामजद आरोपियों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है.

Also Read : गंगा में स्नान करने के दौरान बेगूसराय में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, चार घंटे बाद मिला शव


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन