NEET धांधली और राहुल गांधी पर कार्रवाई के विरोध में बिफरे कांग्रेसी, पीएम का फूंका पुतला
कांग्रेस कार्यकर्ता ने पीएम का पुतला फूंकते | Prabhat Khabar Network
नीट परीक्षा धांधली और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में बेगूसराय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा. कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका.
Begusarai News: बेगूसराय के मंसूरचक में नीट अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज और कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी पर पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा. प्रखंड अध्यक्ष अमीन उद्दीन और अन्य वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मंसूरचक फाटक चौक से एक विशाल आक्रोश जुलूस निकाला.
यह जुलूस गणपतौल, देवन चौक, हवासपुर, दशरथपुर, समसा चौक और मंसूरचक मेन बाजार होते हुए वापस फाटक चौक पर समाप्त हुआ. जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अंत में चौराहे पर पीएम मोदी का पुतला फूंका.
छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही केंद्र और राज्य सरकार: अमीन उद्दीन
पुतला दहन के बाद फाटक चौक पर एक प्रतिरोध सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अमीन उद्दीन ने की. सभा को संबोधित करते हुए अमीन उद्दीन ने कहा कि बिहार और केंद्र सरकार पढ़ने-लिखने वाले छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है. जब आंदोलनकारी छात्रों के समर्थन में राहुल गांधी, कन्हैया कुमार, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी जैसे नेता लोकतांत्रिक तरीके से धरना दे रहे थे, तो दिल्ली पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की.
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इशारे पर पुलिस ने नेताओं को जबरन गाड़ी में ठूंस दिया, जो बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है. अमीन उद्दीन ने चेतावनी दी कि अगर प्रधानमंत्री इस्तीफा देकर माफी नहीं मांगते हैं, तो कांग्रेस जनसमूह के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी.
सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान
सभा को युवा नेता श्यामनंदन महतो, मोहम्मद सलामत अली, कल्याणी महतो, उप सरपंच निखिल कुमार सोनी, संजय पासवान, अशरफ अली, सरपंच राजा कुमार, राजकिशोर गुप्ता, रामबिलास चौधरी और मधुकांत कुमार ने भी संबोधित किया. वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि देश के युवा और छात्र अब जाग चुके हैं. छात्रों और आम जनता के अधिकारों की सुरक्षा के लिए इस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना बेहद जरूरी हो गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए