नावकोठी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

Updated:
विज्ञापन

मृतका का फाइल फोटो

Begusarai News : बेगूसराय के नावकोठी में 25 वर्षीया विवाहिता की संदिग्ध मौत. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का गंभीर आरोप, पुलिस कर रही है मामले की गहन जांच.

विज्ञापन

Begusarai News : रजाकपुर पंचायत के चक्का गांव में गुरुवार को एक 25 वर्षीया विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मृतका की पहचान चक्का गांव निवासी रूपेश कुमार पासवान की पत्नी सोनी कुमारी के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार को सोनी का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला. परिजनों और ग्रामीणों ने शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गयी.

मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के भाई गढ़पुरा थाना क्षेत्र के खखरूआ गांव निवासी चंद्रशेखर पासवान अपने अन्य परिजनों के साथ चक्का पहुंचे. उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया. वहीं, ग्रामीणों और पड़ोसियों के अनुसार, सोनी ने महाजन से करीब 12 लाख रुपये लेकर अपने मायके वालों को दिए थे. महाजन द्वारा रुपये वापस मांगने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने की बात भी सामने आयी है.

दो बेटियां होने को लेकर प्रताड़ना का लगाया आरोप

मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि सोनी को दो बेटियां होने के कारण ससुराल वालों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था. बताया जाता है कि सोनी का पति रूपेश कुमार घर पर किराना दुकान चलाता है. घटना के समय रूपेश घर पर मौजूद नहीं था. वह बाजार सामान लाने गया हुआ था.

पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कुंदन कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर राम कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मो. फिरदौस, सब इंस्पेक्टर पूनम कुमारी साहू सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और दोनों पक्षों से जानकारी ली. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया गया. शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव ससुराल पक्ष के परिजनों को सौंप दिया गया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

पुलिस ने बताया कि मामला हत्या है या आत्महत्या, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.

Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन