बाबा मटेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए उमड़ी कांवरियों की भीड़, छर्रा पट्टी घाट पर गूंजा ‘बोल बम’
जलाभिषेक करने के लिए जाते श्रद्धालु
Begusarai News : सावन की अंतिम सोमवारी पर छर्रा पट्टी राजघाट से हजारों कांवरियों ने बाबा मटेश्वर धाम के लिए गंगा जल भरा। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
Begusarai News : साहेबपुरकमाल. सावन की चौथी और अंतिम सोमवारी के अवसर पर सहरसा जिले के प्रसिद्ध बाबा मटेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए रविवार को छर्रा पट्टी राजघाट पर गंगा स्नान और गंगाजल लेने के लिए शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. शनिवार रात से ही श्रद्धालुओं के जत्थे घाट पर पहुंचने शुरू हो गए थे, जो रविवार शाम तक लगातार जारी रहा. हजारों डाक बम कांवरियों के 'हर हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया.
आपके शहर में
श्रावणी मेले का एडीएम ने किया उद्घाटन
सावन के पावन महीने में आयोजित श्रावणी मेले का उद्घाटन विभागीय जांच एडीएम महेश्वर प्रसाद सिंह ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो.
सोमवार को मटेश्वर धाम में करेंगे जलाभिषेक
छर्रा पट्टी राजघाट से गंगाजल लेकर रवाना होने वाले कांवरिया सोमवार को बाबा मटेश्वर धाम पहुंचेंगे और भगवान भोलेनाथ के अलौकिक शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करेंगे. पूरे सावन माह तक चलने वाले श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
घाट पर बैरिकेडिंग, एसडीआरएफ और गोताखोरों की तैनाती
जिला प्रशासन की ओर से गंगा नदी में बैरिकेडिंग के साथ एसडीआरएफ की टीम और गोताखोरों की तैनाती की गयी है. इसके अलावा पर्याप्त रोशनी, पंडाल, शुद्ध पेयजल, शौचालय और निःशुल्क चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से घाट और मेला क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है.
छर्रा पट्टी घाट से मल्हीपुर तक दिखा मिनी सुल्तानगंज जैसा नजारा
छर्रा पट्टी घाट से मल्हीपुर चौक तक होटल और कांवरिया सेवा दुकानों की भरमार के कारण पूरा इलाका मिनी सुल्तानगंज जैसा नजर आया. बड़ी संख्या में कांवरियों के पहुंचने से पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा. भगवा वस्त्र पहने शिव भक्त 'बोल बम' का जयघोष करते हुए मटेश्वर धाम की ओर रवाना होते रहे.
कोसी क्षेत्र के कई जिलों से पहुंचते हैं श्रद्धालु
साहेबपुरकमाल से करीब 100 किलोमीटर दूर सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड की बलवाहाट पंचायत में बाबा मटेश्वर का प्रसिद्ध मंदिर स्थित है. यहां भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, खगड़िया समेत कोसी क्षेत्र के विभिन्न जिलों से हजारों महिला और पुरुष श्रद्धालु सावन के प्रत्येक रविवार को छर्रा पट्टी राजघाट पहुंचते हैं.
श्रद्धालु उत्तरायणी गंगा में पवित्र स्नान कर संकल्प पूजा करते हैं और जलपात्र में गंगाजल भरकर 'बोल बम' का जयघोष करते हुए पैदल मटेश्वर धाम के लिए रवाना होते हैं.
ग्रामीणों ने जगह-जगह लगाए कांवरिया सेवा शिविर
डाक कांवरियों की सेवा के लिए शालिग्रामी, रघुनाथपुर, हीरा टोल समेत अन्य स्थानों पर ग्रामीणों की ओर से कांवरिया सेवा शिविर लगाए गए. शिविरों में कांवरियों को शुद्ध पेयजल, फल, जूस समेत अन्य सामग्री उपलब्ध करायी गयी. ग्रामीणों की सेवा और सहयोग से कांवरियों में उत्साह देखने को मिला.
20 वर्षों से चली आ रही है गंगाजल ले जाने की परंपरा
श्रावणी मेला समिति के अध्यक्ष अनिल यादव, सिकंदर यादव, रणबीर कुमार रमण और अजय कुमार भारती समेत अन्य सदस्यों ने बताया कि पिछले 20 वर्षों से सावन माह के प्रत्येक रविवार को हजारों श्रद्धालु छर्रा पट्टी राजघाट पहुंचते हैं. यहां उत्तरायणी गंगा में पवित्र स्नान करने के बाद जलपात्र में गंगाजल भरते हैं और संकल्प पूजा कर पैदल बाबा मटेश्वर धाम के लिए रवाना होते हैं. यह परंपरा हर वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी रहती है.
Also Read : वीरपुर में जलजमाव से परेशान पूजा समिति ने खुद समतल की सड़क, जन्माष्टमी मेले की तैयारी तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए