सावन की अंतिम सोमवारी पर झमटिया धाम में उमड़ा कांवरियों का सैलाब, गंगा घाट से सड़कों तक दिखा गेरुआ रंग
झमटिया गंगा घाट में शिवभक्तों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
Begusarai News : सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर बछवाड़ा के झमटिया धाम गंगा घाट पर लाखों कांवरियों ने गंगा स्नान कर जल भरा. हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र.
Begusarai News : बछवाड़ा. सावन की अंतिम सोमवारी की पूर्व संध्या पर रविवार को बछवाड़ा के प्रसिद्ध झमटिया धाम गंगा घाट पर गंगाजल लेने के लिए कांवरियों का सैलाब उमड़ पड़ा. गंगा स्नान और जल भरने के लिए पहुंचे कांवरियों की भीड़ से बछवाड़ा जंक्शन से लेकर झमटिया धाम गंगा घाट तक सड़कें पटी रहीं. पूरे क्षेत्र में 'ॐ नमः शिवाय', 'हर हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष गूंजते रहे. कांवरियों की भारी भीड़ के कारण झमटिया धाम का नजारा एक दिन के लिए सुल्तानगंज जैसा दिखाई दिया.
आपके शहर में
झमटिया धाम में उमड़ा कांवरियों का सैलाब
मिथिलांचल क्षेत्र का प्रसिद्ध झमटिया धाम गंगा घाट वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है. सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर रविवार सुबह से ही बड़ी संख्या में कांवरियों के जत्थे घाट पर पहुंचने लगे. श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना की और गंगाजल लेकर विभिन्न शिव मंदिरों के लिए प्रस्थान किया. इनमें विद्यापतिधाम, थानेश्वर धाम समस्तीपुर और गढ़पुरा स्थित हरिगिरिधाम सहित अन्य प्रमुख शिवालय शामिल रहे.
बछवाड़ा जंक्शन से झमटिया धाम तक गेरुआ रंग में रंगा क्षेत्र
कांवरियों की भीड़ के कारण बछवाड़ा जंक्शन पर समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी समेत मिथिलांचल के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली ट्रेनों में खचाखच भीड़ रही. स्टेशन से झमटिया धाम तक सड़कों पर हर तरफ गेरुआ वस्त्र पहने कांवरिया नजर आए. जगह-जगह दुकानदारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की. रास्ते में विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर लगाकर कांवरियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयीं.
सेवा शिविरों में पानी और चिकित्सा की व्यवस्था
कांवरियों की सुविधा के लिए झमटिया ढाला एनएच-28 से रसीदपुर सीमा तक विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क पेयजल और चिकित्सा समेत अन्य सुविधाओं की व्यवस्था समाजसेवियों की ओर से की गयी थी. रास्ते में स्थानीय लोग भी कांवरियों की सेवा के लिए जगह-जगह मौजूद रहे. पूरे मार्ग में भगवान भोलेनाथ के भक्ति गीत बजते रहे और कांवरिया भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए.
झमटिया ढाला से दलसिंहसराय तक लगी कांवरियों की कतार
कांवरियों की भारी भीड़ के कारण झमटिया ढाला चौक स्थित एनएच-28 पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. झमटिया ढाला से दलसिंहसराय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदल कांवरियों की लंबी कतार दिखाई दी. कांवरिये 'बोल बम' और 'हर हर महादेव' के जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे. इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का परिचालन काफी धीमा रहा और लोगों को यातायात संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ा.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम
कांवरियों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. झमटिया धाम गंगा घाट, राष्ट्रीय राजमार्ग, मोहनिया ढाला, स्टेशन रोड, मुरली टोल चौक, फतेहा कलाली चौक, चिरंजीवीपुर और रसीदपुर में पुलिस बल के साथ स्वास्थ्य कर्मियों के शिविर लगाए गए थे. किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की सहायता के लिए कर्मियों को तैनात रखा गया. जगह-जगह मजिस्ट्रेट की भी प्रतिनियुक्ति की गयी थी, जो पुलिस बल और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे.
गंगा घाट पर सुरक्षा घेरा और गोताखोरों की तैनाती
गंगा घाट पर कांवरियों की भीड़ को देखते हुए पानी में सुरक्षा घेरा लगाया गया, ताकि श्रद्धालु अधिक गहराई में जाकर स्नान न करें. घाट पर गोताखोरों की भी तैनाती की गयी थी. गंगा में पानी अधिक होने के कारण दर्जनों नावों के माध्यम से नाविक और समाजसेवी कांवरियों की सुविधा एवं सुरक्षा में जुटे रहे. रेलवे की ओर से भी बछवाड़ा जंक्शन पर भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गयी.
Also Read : प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद जागा प्रशासन, मोहनबिघा में नाले की सफाई शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए