बेगूसराय : 151 कन्याओं की कलश शोभायात्रा से भक्तिमय हुआ गढ़पुरा, छह दिवसीय जन्माष्टमी मेला शुरू

विज्ञापन

उदघाटन करते प्रतिनिधि  | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय के गढ़पुरा में छह दिवसीय जन्माष्टमी मेले का शानदार आगाज हुआ. 151 कन्याओं की मनमोहक कलश शोभायात्रा ने माहौल को भक्तिमय बना दिया. यह मेला छह दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन का केंद्र रहेगा.

विज्ञापन

बेगूसराय जिले के गढ़पुरा प्रखंड मुख्यालय स्थित बिंदेश्वरी पुस्तकालय परिसर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित छह दिवसीय जन्माष्टमी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ. मेले का उद्घाटन बीडीओ अखिलेश्वर कुमार और प्रखंड प्रमुख अमोल देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इसके पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

151 कन्याओं ने निकाली शोभायात्रा

मेले के शुभारंभ से पूर्व 151 कन्याओं ने आकर्षक कलश शोभायात्रा निकाली, जिसने पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना दिया. शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. इसके बाद मेला समिति की ओर से उपस्थित अतिथियों का अंगवस्त्र, पुष्पमाला और बुके देकर सम्मानित किया गया.

सांस्कृतिक विरासत और सद्भाव का प्रतीक

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए बीडीओ अखिलेश्वर कुमार ने कहा कि जन्माष्टमी मेला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है. इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव मजबूत होता है. उन्होंने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं और आने वाले लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्था की गई है.

प्रखंड प्रमुख अमोल देवी ने कहा कि गढ़पुरा में जन्माष्टमी मेले का आयोजन क्षेत्र के लिए खुशी और उपलब्धि की बात है. इससे लोगों को धार्मिक आस्था के साथ मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी अवसर मिलेगा. वहीं, पैक्स अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण मिश्र उर्फ प्यारे ने कहा कि गढ़पुरा में लगभग सभी प्रमुख हिंदू पर्व-त्योहारों के अवसर पर मेले का आयोजन होता रहा है.

Also Read : बेगूसराय : गंगा में डूबे 10 वर्षीय सुमित का दूसरे दिन भी नहीं मिला शव, NDRF की दो टीमें तलाश में जुटीं

जन्माष्टमी मेले की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसे नवयुवक समिति ने पूरा करने का सराहनीय प्रयास किया है. उन्होंने आयोजन के लिए समिति के सदस्यों को बधाई दी. समारोह में अन्य वक्ताओं ने भी जन्माष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला. मेले को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया.

छह दिनों तक चलेगा भव्य मेला

बताया गया कि जन्माष्टमी मेला छह दिनों तक चलेगा. मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, झूला, मीना बाजार सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी. मेला परिसर में शाम होते ही लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है. आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं.

समारोह में कई गणमान्य रहे मौजूद

मौके पर मुखिया इंदू देवी, सरपंच प्रतिनिधि दिलीप शर्मा, राजद नेत्री अनिता चौधरी, शिक्षक एच. रहमान, महादेव महंतों, आशुतोष झा, पंचायत समिति सदस्य शिवनारायण झा, अभिनव वर्मा, धर्म नारायण झा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद थे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन