बेगूसराय में बाढ़ का बढ़ा दायरा, 24 गांव-45 वार्ड प्रभावित; CM सम्राट चौधरी ने ली हालात की जानकारी, 87 नावें लगाई गईं

विज्ञापन

बैठक में निर्देश देते डीएम  | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. 5 अंचलों की 20 पंचायतों के 24 गांव और 21,700 आबादी बाढ़ से प्रभावित है. राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी हैं.

विज्ञापन

Begusarai Flood Situation : बेगूसराय जिले में बाढ़ की वर्तमान स्थिति एवं प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गई. समीक्षा के उपरांत जिला पदाधिकारी रिची पांडेय द्वारा समाहर्णाली स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिले के वरीय पदाधिकारियों एवं सभी अंचल अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं सभी अंचल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए.

5 अंचलों की 20 पंचायतों के 24 गांव और 21,700 आबादी प्रभावित

वर्तमान बाढ़ की स्थिति के अनुसार जिले के 05 अंचलों की 20 पंचायतों के 24 गांव एवं 45 वार्ड प्रभावित हैं. इन क्षेत्रों में लगभग 21,700 की आबादी प्रभावित हुई है. प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षित आवाजाही एवं राहत-बचाव कार्यों के लिए वर्तमान में 11 सरकारी एवं 76 निजी, कुल 87 नावों का परिचालन किया जा रहा है. आवश्यकता के अनुसार नावों की संख्या बढ़ाने की कार्रवाई भी की जा रही है.

नावों का सुचारु परिचालन और सामुदायिक रसोई चलाने का निर्देश

डीएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पर्याप्त संख्या में नावों का सुचारु परिचालन सुनिश्चित किया जाए. किसी क्षेत्र में नावों की अतिरिक्त आवश्यकता होने पर तत्काल इसकी सूचना जिला स्तर पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि अतिरिक्त नावों की व्यवस्था की जा सके.

इसी प्रकार प्रभावित आबादी के लिए आवश्यकता के अनुसार सामुदायिक रसोई का संचालन सुनिश्चित करते हुए लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए.

तटबंधों, आवागमन मार्गों और संवेदनशील स्थलों की सतत निगरानी

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर, तटबंधों, आवागमन के मार्गों, संवेदनशील स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की लगातार निगरानी की जा रही है. जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमण एवं निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

Also Read : बेगूसराय : गंगा में डूबे 10 वर्षीय सुमित का दूसरे दिन भी नहीं मिला शव, NDRF की दो टीमें तलाश में जुटीं

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

अफवाहों से दूर रहने और सावधानी बरतने की जिला प्रशासन ने की अपील

जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. अनावश्यक रूप से बाढ़ के पानी में प्रवेश न करें तथा तेज बहाव वाले पानी में पैदल अथवा वाहन से जाने का प्रयास न करें.

बच्चों एवं बुजुर्गों को बाढ़ के पानी से दूर रखें और नाव से यात्रा करते समय सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें. किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन