बेगूसराय : पिस्तौल दिखाकर बकरी व्यवसायी से 51 हजार की लूट, विरोध करने पर मारा चाकू; ग्रामीणों ने दो बदमाशों को दबोचा

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ एवं बदमाशों से पूछताछ करते प्रभारी थानाध्यक्ष | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय में पिस्तौल की नोक पर बकरी व्यवसायी से 51 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया गया. विरोध करने पर व्यवसायी को चाकू मारकर घायल कर दिया गया. ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए दो बदमाशों को पकड़ लिया.

विज्ञापन

Begusarai Crime News : बेगूसराय के खोदावंदपुर में बाइक सवार तीन बदमाशों ने शुक्रवार की सुबह पिस्तौल की नोक पर बकरी व्यवसायी से 51 हजार 100 रुपये नकद और कीमती मोबाइल छीन लिया. विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू मारकर व्यवसायी को जख्मी कर दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

घटना बरियारपुर पूर्वी पंचायत के मसुराज-योगीडीह मुख्य ग्रामीण पथ पर एबीसी चिमनी के समीप की है. घटना के बाद व्यवसायी द्वारा शोर मचाए जाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और भाग रहे बदमाशों का पीछा किया.

ग्रामीणों ने खदेड़कर दो बदमाशों को दबोचा, एक देसी कट्टा व मोबाइल बरामद

ग्रामीणों ने दो बदमाशों को खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि तीसरा बदमाश बाइक लेकर जाना की ओर भागने में सफल रहा. पकड़े गए दोनों बदमाशों में एक के पास से हथियार भी बरामद होने की बात सामने आयी है.

ग्रामीणों ने आक्रोश में दोनों बदमाशों की जमकर पिटाई भी कर दी. जख्मी व्यवसायी की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना अंतर्गत सिंघिया घाट स्थित वार्ड दो निवासी मो रौशन के 36 वर्षीय पुत्र मो परवेज के रूप में हुई है.

पकड़े गए व फरार बदमाशों की हुई पहचान

पकड़े गए बदमाशों की पहचान बाड़ा गांव के वार्ड तीन निवासी रामचंद्र ठाकुर के 25 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार तथा इसी गांव के वार्ड एक निवासी गणेशी महतो के 22 वर्षीय पुत्र कुशेश्वर कुमार के रूप में हुई है.

जबकि फरार बदमाश की पहचान बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड एक निवासी मो नईम के पुत्र मोहम्मद नियाज के रूप में बतायी गयी है. व्यवसायी ने बताया कि वह बकरी खरीद-बिक्री के सिलसिले में जा रहा था, तभी बदमाशों ने पीछा कर वारदात को अंजाम दिया.

सीएचसी में कराया गया इलाज

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष किशन कुमार, एएसआई विवेककांत शेखर एवं पीटीसी रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

पुलिस ने भीड़ के बीच से दोनों पकड़े गए बदमाशों को बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया, जिससे मॉब लिंचिंग की घटना टली. पुलिस ने व्यवसायी से छीना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है. जख्मी व्यवसायी के साथ दोनों पकड़े गए बदमाशों का इलाज पुलिस की निगरानी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर में कराया जा रहा है.

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

घटना की सूचना मिलते ही मंझौल के नवपदस्थापित एसडीपीओ अमरकांत ने खोदावंदपुर थाना पहुंचकर गिरफ्तार दोनों बदमाशों से पूछताछ की और थानाध्यक्ष को सख्त निर्देश दिए.

प्रभारी थानाध्यक्ष किशन कुमार ने बताया कि जख्मी व्यवसायी के लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक देशी कट्टा एवं लूट का मोबाइल बरामद कर लिया गया है, जबकि लूटी गयी रकम की बरामदगी और फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन