बेगूसराय : सिमरिया से गढ़पुरा तक लगी कांवड़ियों की कतार, रात दो बजे खुले बाबा हरिगिरि धाम के कपाट

Updated:
विज्ञापन

हरिगिरि धाम मंदिर में लगी श्रद्धालुओं की भीड़ | Prabhat Khabar Network

सावन की अंतिम सोमवारी पर बेगूसराय के हरिगिरि धाम में आस्था का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला. श्रद्धालुओं ने गंगाजल से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. विशेष पूजा, शिव आरती और रात्रि जागरण ने माहौल को भक्तिमय बना दिया.

विज्ञापन

Harigiri Dham Temple Begusarai : सावन की अंतिम सोमवारी पर जिले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सिमरिया गंगा घाट से लेकर गढ़पुरा स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिगिरि धाम मंदिर तक पूरा कांवरिया पथ ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा. हजारों श्रद्धालुओं ने सिमरिया गंगा घाट से पवित्र गंगाजल भरा और पैदल कांवर यात्रा कर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए. जिला पदाधिकारी रिची पांडेय एवं जिला पुलिस कप्तान मनीष कुमार के निर्देश पर कांवरिया पथ, मंदिर परिसर और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की तैनाती की गई. प्रशासनिक टीमें लगातार भीड़ और यातायात व्यवस्था की निगरानी करती रहीं.

बेगूसराय की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network
सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network

रात दो बजे खुले मंदिर के कपाट

अंतिम सोमवारी को कांवड़ियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए बाबा हरिगिरि धाम मंदिर के कपाट रात करीब दो बजे ही खोल दिए गए. इसके बाद श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई. मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति एवं प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्था की गई.

1 सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी  2 हरिगिरिधाम मंदिर परिसर में शिव आरती करते हुए ब्राह्मण  3 अंतिम सोमवारी पर पूजा अर्चना हेतु लगी श्रद्धालुओं की भीड़  4 गढ़पुरा के हरिगिरि धाम मंदिर में लगे बैरिकेटिंग में अपने बारी का इंतजार करते हुए कांवरिया | Prabhat Khabar Network
मंदिर परिसर में शिव आरती करते हुए ब्राह्मण| Prabhat Khabar Network

सिमरिया से हरिगिरि धाम तक सेवा की बही धारा

सिमरिया से गढ़पुरा तक कांवड़ियों के गुजरने वाले प्रमुख मार्गों पर स्थानीय लोगों और विभिन्न सेवा समितियों ने सेवा शिविर लगाए. चकिया, बीहट, जीरोमाइल, बथौली, वीरपुर, कोरिया, मंझौल, जयमंगलागढ़, महेशबारा, हरसाइन पुल, रक्सी चौक सहित कई स्थानों पर कांवरियों को नींबू-शरबत, ताजे फल और शीतल जल नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया.

कई जगहों पर कांवड़ियों के ठहरने, भोजन और विश्राम की भी व्यवस्था की गई. सेवा शिविरों में स्वयंसेवक लगातार कांवरियों की मदद करते नजर आए. इससे लंबी दूरी तय कर रहे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली.

विशेष पूजा और शिव आरती ने भक्तों को बांधा

अंतिम सोमवारी से एक दिन पहले रविवार को बाबा हरिगिरि धाम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर बाबा भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया गया. बनारस से पहुंचे ब्राह्मणों द्वारा गंगा आरती की तर्ज पर विशेष शिव आरती की गई. आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया.

1 सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी  2 हरिगिरिधाम मंदिर परिसर में शिव आरती करते हुए ब्राह्मण  3 अंतिम सोमवारी पर पूजा अर्चना हेतु लगी श्रद्धालुओं की भीड़  4 गढ़पुरा के हरिगिरि धाम मंदिर में लगे बैरिकेटिंग में अपने बारी का इंतजार करते हुए कांवरिया | Prabhat Khabar Network
बैरिकेडिंग में अपनी बारी का इंतजार करते कांवरिए | Prabhat Khabar Network

रातभर चला भव्य जागरण

कांवरियों और श्रद्धालुओं के लिए कई स्थानों पर भव्य जागरण का भी आयोजन किया गया. शाम पांच बजे से शुरू हुआ भक्ति जागरण देर रात तक चलता रहा. भक्ति गीतों पर कांवरिया और श्रद्धालु झूमते नजर आए. बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा.

सावन की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धा, सेवा और सुरक्षा का ऐसा संगम देखने को मिला कि सिमरिया गंगा घाट से लेकर बाबा हरिगिरि धाम तक पूरा कांवरिया पथ शिवभक्ति में डूबा नजर आया. श्रद्धालुओं की अपार भीड़ और लगातार गूंजते जयकारों ने इस धार्मिक आयोजन को भक्ति, सेवा और सौहार्द का बड़ा पर्व बना दिया.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन