बेगूसराय में समोसा-लिट्टी खिलाने के बहाने दोस्तों ने घर से बुलाया, फिर कनपटी से सटाकर मारी गोली; जानें पूरा मामला
रोते बिखलते परिजन
बेगूसराय में समोसा-लिट्टी खिलाने के बहाने दोस्तों ने 18 वर्षीय साजन को घर से बुलाया और फिर कनपटी से सटाकर गोली मार दी. हत्या के बाद शव को घसीटने के निशान मिले, जिससे सनसनी फैल गई. पुलिस ने चार दोस्तों को हिरासत में लिया है.
18 Years Boy Shoot : बेगूसराय के भगवानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात 18 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. उसका शव बघेला चौर हंडालपुर के पास सड़क किनारे चौर में खून से लथपथ हालत में मिला. युवक की कनपटी के पास बेहद करीब से गोली मारी गई थी. वहीं, उसके शरीर और पैरों पर घसीटे जाने के गहरे निशान मिले हैं. इससे हत्या के बाद शव को कहीं से खींचकर सड़क किनारे लाकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है.
मृतक की पहचान भरडीहा गांव निवासी साजन कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटनास्थल से पुलिस ने एक बाइक भी बरामद की है. मामले में साजन के चार दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
समोसा-लिट्टी खिलाने की बात कहकर घर से ले गए दोस्त
परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8 बजे साजन अपने घर पर था. इसी दौरान गांव और आसपास के पांच दोस्त दो अलग-अलग बाइकों से उसके घर पहुंचे. दोस्तों ने साजन से बाहर चलने को कहा और बताया कि समोसा-लिट्टी खिलाकर उसे वापस घर ले आएंगे. दोस्तों की बात पर भरोसा कर साजन उनके साथ बाइक से चला गया.
करीब आधे घंटे बाद रात 8:30 बजे उन्हीं दोस्तों में से एक ने साजन की मां को फोन कर पूछा कि क्या साजन घर पहुंच गया है. इस फोन के बाद परिजनों को शक हुआ. परिवार के लोगों ने साजन के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया.
Crime News : एक घंटे बाद फोन कर बताया, साजन की हत्या हो गयी
रात करीब 9:30 बजे उसी दोस्त ने दोबारा परिजनों को फोन किया और बताया कि साजन की हत्या कर दी गई है और उसका शव चौर में फेंक दिया गया है. इसके बाद परिजन बघेला चौर हंडालपुर के पास पहुंचे.

वहां सड़क किनारे चौर में साजन का खून से लथपथ शव पड़ा था. उसके सिर की कनपटी के पास गोली लगी थी. शरीर और पैरों पर घसीटे जाने के निशान भी मिले. इन निशानों को देखकर परिजनों ने आशंका जताई कि हत्या के बाद शव को घटनास्थल तक खींचकर लाया गया और फिर सड़क किनारे चौर में फेंक दिया गया.
इंटर में दाखिले की तैयारी कर रहा था साजन
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मृतक के छोटे भाई अंशु कुमार ने बताया कि साजन ने 10वीं की परीक्षा पास की थी और अब इंटर में दाखिले की तैयारी कर रहा था. करीब दो साल पहले वह काम करने के लिए परदेस गया था, लेकिन बाद में गांव लौट आया था. वह जल्द ही दोबारा बाहर काम करने जाने वाला था.
अंशु ने आरोप लगाया कि जिन दोस्तों पर साजन भरोसा करता था, उन्हीं लोगों ने बहाने से उसे घर से बुलाया और उसकी हत्या कर दी.
पुराने मामले और प्रेम प्रसंग का भी सामने आया एंगल
बताया जा रहा है कि साजन पूर्व में लूटपाट से जुड़े मामले में दो बार बाल सुधार गृह जा चुका था और करीब दो महीने पहले ही बाहर आया था. पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के साथ हाल के विवादों की भी जानकारी जुटा रही है.
परिजनों के अनुसार साजन का एक लड़की से प्रेम प्रसंग भी था. इसी वजह से हत्या किए जाने की आशंका भी जतायी जा रही है. हालांकि पुलिस प्रेम प्रसंग को हत्या का कारण मानकर जांच नहीं कर रही है, बल्कि इस समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है.
चार संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
भगवानपुर थाना की पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौके से एक बाइक बरामद की गयी है. पुलिस ने मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
पुलिस हत्या के कारण, घटनास्थल तक शव पहुंचने की स्थिति और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए