बिहार STF की बड़ी कार्रवाई, 12 साल से फरार नक्सली को धर दबोचा
नक्सली की तस्वीर
Begusarai News: बेगूसराय पुलिस को उग्रवाद और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है. 12 वर्षों से फरार चल रहे नक्सली अभियुक्त गौतम पासवान को एसटीएफ और डीआईयू की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया.
Begusarai News: (विकाश मिश्रा) बेगूसराय पुलिस को उग्रवाद और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है. 12 वर्षो से फरार चल रहे नक्सली अभियुक्त गौतम पासवान को एसटीएफ और डीआईयू की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया. लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुंच गया है.
12 वर्षों से फरार था नामजद अभियुक्त
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के गेनहरपुर निवासी उमेश पासवान के पुत्र गौतम पासवान के रूप में हुई है. वह भगवानपुर थाना कांड संख्या 25/12 का नामजद अभियुक्त है और पिछले 12 वर्षों से फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
गुप्त सूचना ने खोला फरार नक्सली का ठिकाना
पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार नक्सली अभियुक्त मुफस्सिल थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही एसटीएफ ऑपरेशन ग्रुप (ARG), एसटीएफ एसओजी-3 और डीआईयू बेगूसराय की संयुक्त टीम को सक्रिय किया गया और छापेमारी की योजना बनाई गई.
बगीचे में छिपे आरोपी को दबोचा
संयुक्त टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खम्हार पासवान टोला स्थित एक बगीचे में छापेमारी की. पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए गौतम पासवान को गिरफ्तार कर लिया. अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया.
पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और उससे जुड़े मामलों की जानकारी जुटाई. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
बेगूसराय पुलिस ने कहा है कि जिले में जघन्य अपराधों और उग्रवादी गतिविधियों में शामिल फरार अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून से भागने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
गिरफ्तारी से अपराधियों में बढ़ी बेचैनी
12 साल से फरार नक्सली की गिरफ्तारी के बाद जिले के अन्य फरार अपराधियों और उग्रवादी तत्वों में भी बेचैनी बढ़ गई है. पुलिस लगातार ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी है.
Also Read : मजदूरी कर घर लौट रहे युवक को ट्रक ने कुचला, नालंदा के बिहटा-सरमेरा फोरलेन पर दर्दनाक मौत
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए