बेगूसराय में भूमिहीन परिवारों को कैसे मिलेगी जमीन,जानें आवेदन से पर्चा मिलने तक पूरी प्रक्रिया
AI Generated
बेगूसराय में 870 भूमिहीन परिवारों को मिलेगी 3 डिसमिल जमीन। जानें 'अभियान बसेरा-2' के तहत आवेदन करने की आसान प्रक्रिया और लाभ।
Begusarai Bhumi : बेगूसराय में भूमिहीन परिवारों के अपना घर बनाने का सपना जल्द पूरा होने वाला है. बिहार की एनडीए सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर राज्यभर में भूमिहीन परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराने का ऐलान किया गया था. इसके के लिए राज्यभर में विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत बेगूसराय में 870 योग्य लाभुकों को तीन-तीन डिसमिल जमीन का बंदोबस्ती प्रमाण पत्र देने का लक्ष्य तय किया गया है. चयनित लाभुकों को 20 नवंबर को जमीन का पर्चा दिया जाएगा.
अभियान बसेरा-2 के तहत तेज हुई जमीन देने की प्रक्रिया
बिहार सरकार के अभियान बसेरा-2 के तहत भूमिहीन परिवारों को वासयोग्य भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है. अब पात्र लाभार्थियों को जमीन के लिए आवेदन जमा करने जिला मुख्यालय या पटना जाने की जरूरत नहीं होगी. बेगूसराय के लाभुक अपने संबंधित पंचायत कार्यालय, अंचल कार्यालय या ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे.
इनको मिलेगा लाभ
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अनुसार, अभियान के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग के सुयोग्य भूमिहीन परिवारों को आवास बनाने के लिए वासयोग्य भूमि उपलब्ध करायी जाएगी. इसके लिए आवेदन की सुविधा पंचायत स्तर तक पहुंचायी गयी है.
पंचायत में लगेंगे 4 दिवसीय शिविर
पात्र परिवार पंचायत सरकार भवन में आयोजित चार दिवसीय शिविर में अपना आवेदन जमा कर सकेंगे. इसके अलावा संबंधित अंचल कार्यालय में भी आवेदन देने की सुविधा रहेगी. आवेदन प्रक्रिया में लोगों की मदद के लिए अंचल और पंचायत कार्यालयों में विशेष हेल्प डेस्क बनाए गए हैं.
आवेदन जमा करने के बाद लाभार्थी को अनिवार्य रूप से पावती रसीद दी जाएगी. प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आवेदन लेने में लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो और उन्हें अनावश्यक रूप से अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें.
घर बैठे ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
बेगूसराय के भूमिहीन परिवार घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए बिहार भूमि पोर्टल पर आवेदन की व्यवस्था की गयी है. लाभार्थी biharbhumi.bihar.gov.in के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं.
जमीन के लिए अब पटना आने की जरूरत नहीं
तीन डिसमिल जमीन की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से राज्य के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग पटना पहुंच रहे थे. सोमवार को भी मुख्यमंत्री सचिवालय के आसपास हजारों महिलाएं और पुरुष आवेदन देने पहुंचे. सरकार की ओर से वहां लोगों के आवेदन लिये गये और उन्हें पावती रसीद दी गई.
इस दौरान लोगों को लगातार जानकारी दी गई कि जमीन के लिए आवेदन जमा करने पटना आने की जरूरत नहीं है. संबंधित अंचल कार्यालय और पंचायत स्तर पर आवेदन जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.
अंचल कार्यालय में करें आवेदन
जानकारी के अनुसार अभियान बसेरा को लेकर आवेदन प्रक्रिया के संबंध में कुछ भ्रामक सूचनाएं भी सामने आयी हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी के बहकावे में आकर पटना नहीं जाएं. आवेदन पंचायत शिविर, संबंधित अंचल कार्यालय या बिहार भूमि पोर्टल के माध्यम से ही जमा करें.
प्रशासन ने यह भी कहा है कि आवेदन के नाम पर लोगों को भ्रमित करने या पटना बुलाने वाले व्यक्ति अथवा संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
आवेदन नहीं लेने पर सीओ पर होगी कार्रवाई
मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि लाभार्थी अपने संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं या ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविरों में भी आवेदन लिये जाएंगे.
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पात्र लोगों का आवेदन लिया जाए. आवेदन लेने में लापरवाही करने वाले अंचलाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने भी सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, भूमि सुधार उपसमाहर्ताओं और अंचलाधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी रखने का निर्देश दिया है.
बेगूसराय में 870 भूमिहीन परिवारों को मिलेगी जमीन, विशेष अभियान में सरकार देगी पर्चा; जानें कब-कितना मिलेगा लाभ
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए