बेगूसराय में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, SDM बोले- हर पात्र परिवार बनवाए आयुष्मान कार्ड, जनप्रतिनिधि बढ़ाएं जागरूकता

Author Vikash Kumar|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न योजनाओं के संचालन हेतु आयोजित बैठक में शामिल अधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं कर्मी | Prabhat Khabar Network

स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न योजनाओं के संचालन हेतु आयोजित बैठक में शामिल अधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं कर्मी | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इसमें आयुष्मान भारत योजना, जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा, और टीबी मुक्त भारत अभियान जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया. 30 वर्ष से अधिक आयु वालों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच की भी घोषणा की गई.

विज्ञापन

Bakhri Health Department Review Meeting : बेगूसराय के बखरी अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव की अध्यक्षता में गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखरी में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा, आयुष्मान भारत योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान, एनसीडी स्क्रीनिंग और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया.

Begusarai News : हर पात्र परिवार बनवाए आयुष्मान कार्ड : एसडीएम

बैठक में एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने राशन कार्डधारियों से अपना आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील करते हुए कहा कि इससे जरूरत पड़ने पर पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ मिल सकता है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं, लेकिन उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका बेहद जरूरी है.

परिवार नियोजन और टीबी मुक्त अभियान पर जोर

11 से 31 जुलाई तक चल रहे जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा की समीक्षा करते हुए परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों को अपनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह ने बताया कि 24 मार्च से 14 अगस्त तक टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने लोगों से शिविरों में पहुंचकर समय पर जांच कराने की अपील की.

30 वर्ष से अधिक आयु वालों की होगी मुफ्त जांच

प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के तहत सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों और चयनित आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे. इनमें 30 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों की निःशुल्क ब्लड प्रेशर और शुगर जांच की जाएगी. जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.

स्वास्थ्य उपकेंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध कराने की अपील

प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार मुकेश ने जनप्रतिनिधियों से ऐसे स्थानों की पहचान कर प्रशासन को उपलब्ध कराने का आग्रह किया, जहां स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन के लिए भूमि नहीं है. उन्होंने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में वर्तमान में 29 स्वास्थ्य उपकेंद्र संचालित हैं और नए भवनों के निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जाएगी.

घर-घर बनेंगे आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी पर भी जोर

बीसीएम रतन कुमार ने बताया कि 27 जुलाई से 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर आशा कार्यकर्ताओं और डाटा ऑपरेटरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों के घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे. बैठक में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आभा आईडी, एचपीवी टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, एनआरसी, किलकारी योजना और एनीमिया मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की गई. अंत में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया.


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Loading Review Hub...

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन