हैदराबाद नर्स हत्याकांड: आखिरी दम तक लड़ती रही 21 साल की नर्स, उंगली काटी और गले-सीने पर खरोंच के निशान; बेगूसराय का सनाउल्लाह गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

शमशाबाद जोन के डीसीपी बी राजेश प्रेस वार्ता में घटना की जानकारी देते हुए

हैदराबाद में 21 साल की नर्स से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने 30 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. नर्स ने अपने बचाव में बहादुरी से संघर्ष किया, जिससे हत्यारे के शरीर पर चोट के निशान मिले.

विज्ञापन

Hyderabad nurse murder: हैदराबाद के ठुक्कुगुड़ा में 21 वर्षीय नर्स से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने घटना के करीब 30 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी 34 वर्षीय मो. सनाउल्लाह के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान नर्स ने खुद को बचाने के लिए आरोपी से संघर्ष किया था. इसी संघर्ष के दौरान आरोपी के शरीर पर लगी चोट और अन्य निशान जांच में महत्वपूर्ण सुराग बने.

आपके शहर में

विज्ञापन

खिड़की के रास्ते कमरे में दाखिल हुआ आरोपी

पुलिस के मुताबिक घटना 28 और 29 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे की है. सनाउल्लाह खिड़की के रास्ते नर्स के कमरे में दाखिल हुआ था. वह बाइक मैकेनिक था और कुछ समय से ठुक्कुगुड़ा की एक दुकान पर काम कर रहा था.

बताया गया है कि दुकान के पीछे से अस्पताल परिसर में नर्स के रहने की जगह दिखाई देती थी. पुलिस को आशंका है कि आरोपी काफी समय से नर्स की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और उसे उसके आने-जाने के समय की जानकारी थी.

बचाव में नर्स ने किया संघर्ष

कमरे में आहट होने पर नर्स की नींद खुल गयी. इसके बाद दोनों के बीच संघर्ष हुआ. पुलिस के अनुसार, नर्स ने आरोपी का विरोध करते हुए उसकी उंगली काट ली और उसके गले तथा सीने पर नाखूनों से खरोंच के निशान छोड़ दिये.

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने युवती को काबू करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी खिड़की बंद कर वहां से निकल गया.

सहेली ने खिड़की से कमरे में पहुंचकर देखा शव

29 अगस्त को नर्स के काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर उसकी सहेली को चिंता हुई. फोन करने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद सहेली खिड़की के रास्ते कमरे में पहुंची, जहां नर्स मृत अवस्था में मिली. उसके चेहरे पर चोट के निशान भी मिले. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. परिजनों की शिकायत पर पहाड़ीशरीफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

आरोपी के शरीर पर मिले संघर्ष के निशान

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को खंगाला. कमरे में संघर्ष के संकेत मिले. मृतका के शरीर पर चोट के निशान के साथ आरोपी के शरीर पर भी संघर्ष के दौरान चोट लगने की बात सामने आयी.

पुलिस ने तकनीकी जानकारी और संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की. अनुसंधान आगे बढ़ने पर सनाउल्लाह पर शक गया. पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से सैमसंग मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गये कपड़े भी जब्त किये हैं.

2023 में हैदराबाद गया था आरोपी

पुलिस के अनुसार, मो. सनाउल्लाह मूल रूप से बेगूसराय का रहने वाला है और वर्ष 2023 में हैदराबाद गया था. शुरुआत में उसने उप्पल इलाके की एक बाइक मैकेनिक की दुकान पर काम सीखा. करीब दो महीने पहले वह उसी मालिक की दूसरी दुकान पर काम करने के लिए ठुक्कुगुड़ा पहुंचा था.

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसकी नजर अस्पताल परिसर में रहने वाली नर्स पर पड़ी. दुकान की स्थिति ऐसी थी कि वहां से नर्स के रहने की जगह दिखाई देती थी.

1 शमशाबाद जोन के डीसीपी बी राजेश प्रेस वार्ता में घटना की जानकारी देते हुए  2 हैदराबाद पुलिस के हिरासत में आरोपी मो सनाउल्लाह | Prabhat Khabar Network
हैदराबाद पुलिस के हिरासत में आरोपी मो सनाउल्लाह

पुलिस ने पोर्नोग्राफी की लत को भी जांच में जोड़ा

शमशाबाद जोन के डीसीपी बी राजेश के अनुसार, आरोपी पोर्नोग्राफी का आदी था. पुलिस ने इसी लत को घटना की पृष्ठभूमि से जोड़कर बताया है. हालांकि, मामले में हत्या और दुष्कर्म के आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है.

फिलहाल हैदराबाद पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है. आरोपी के बेगूसराय स्थित घर तक उसकी गिरफ्तारी की सूचना पहुंच चुकी है. पुलिस की ओर से बेगूसराय पुलिस से संपर्क किये जाने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आयी है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन