बेगूसराय के शकरपुरा हाईस्कूल में ABVP की प्लस टू इकाई गठित, दीपांशु राज बने अध्यक्ष
अभाविप का स्कूल गठन में शामिल सदस्य एवं छात्र छात्राएं
बेगूसराय के बखरी स्थित शकरपुरा उच्च विद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नई इकाई का गठन किया गया। छात्रों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
बेगूसराय अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने संगठनात्मक विस्तार के तहत बखरी के शकरपुरा उच्च विद्यालय में प्लस टू विद्यालय इकाई का गठन किया. इस मौके पर छात्रों को संगठन के कामकाज और दायित्वों की जानकारी देते हुए संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया गया. कार्यक्रम के दौरान नई विद्यालय कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई. इसमें दीपांशु राज को विद्यालय अध्यक्ष और आफरीन खातून को मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई.
आपके शहर में
कार्यक्रम में राष्ट्र पुनर्निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई. जिला संयोजक अनुभव आनंद ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं पर निर्भर है. जब तक युवा पीढ़ी भारतीय संस्कृति, कला और विचारों से जुड़कर आगे नहीं बढ़ेगी, तब तक सशक्त भारत के निर्माण का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता. उन्होंने छात्रों से ABVP से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया.
शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण पर जोर
अनुभव आनंद ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पिछले सात दशकों से शिक्षा के क्षेत्र के माध्यम से राष्ट्र पुनर्निर्माण के लिए काम कर रहा है. संगठन की मूल मान्यताओं में शैक्षिक परिवार की संकल्पना और विद्यार्थी को आज का नागरिक मानने की सोच प्रमुख है. उन्होंने कहा कि छात्रों को शिक्षा के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए.
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवींद्र कुमार और नगर मंत्री सौरभ कुमार ने कहा कि ABVP का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र की शक्ति को मजबूत करने के साथ समर्पित और जागरूक युवा पीढ़ी तैयार करना है. उन्होंने कहा कि संगठन ने लंबे समय से छात्रों को एकजुट कर उन्हें सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करने का काम किया है.
वक्ताओं ने कहा कि ABVP की गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिलता है. संगठन का प्रयास युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने और देश के उज्ज्वल भविष्य में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है.
नई विद्यालय कार्यकारिणी की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान नगर मंत्री सौरभ कुमार ने शकरपुरा उच्च विद्यालय की नई कार्यकारिणी की घोषणा की. दीपांशु राज को विद्यालय अध्यक्ष, अनुराधा कुमारी, फरहत नाज और अलकमल को उपाध्यक्ष बनाया गया. आफरीन खातून को विद्यालय मंत्री और अंकित कुमार को सहमंत्री की जिम्मेदारी दी गई.
वहीं विवेक को एसएफडी संयोजक और सोनाली को एसएफएस संयोजक बनाया गया. सानू राज को कला मंच प्रमुख और अंकुश कुमार को खेलो भारत संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई.
विद्यालय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में राजा, प्रिंस, आयुष, सौरभ, शिवम, प्रिया और रेहान का चयन किया गया. नई कार्यकारिणी के सदस्यों को संगठन की गतिविधियों को विद्यालय स्तर पर आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई.
कार्यक्रम में दर्जनों छात्र-छात्राएं रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर उपाध्यक्ष दिलखुश कुमार, नगर सहमंत्री शिवम जलान और दीपक कुमार समेत ABVP के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे. इसके अलावा शकरपुरा उच्च विद्यालय के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
नई इकाई के गठन के साथ संगठन ने विद्यालय स्तर पर छात्रों को सामाजिक और राष्ट्रीय गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाया है. कार्यक्रम के दौरान मौजूद छात्रों ने संगठन की गतिविधियों में भाग लेने और नई कार्यकारिणी के साथ मिलकर काम करने की बात कही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए