ePaper

बोलेरो की चपेट में आने से तीन की हुई मौत

Updated at : 08 Jan 2020 6:51 AM (IST)
विज्ञापन
बोलेरो की चपेट में आने से तीन की हुई मौत

मंझौल : सोमवार की रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे एक अनियंत्रित अज्ञात बोलेरो के चपेट में आने से मंझौल बाजार के पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने एसएच-55 पर तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घटना की सूचना मिलते ही ओपी पुलिस ने तीनों जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया. […]

विज्ञापन

मंझौल : सोमवार की रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे एक अनियंत्रित अज्ञात बोलेरो के चपेट में आने से मंझौल बाजार के पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने एसएच-55 पर तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घटना की सूचना मिलते ही ओपी पुलिस ने तीनों जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया.

जानकारी अनुसार दो की मौत रास्ते में हो गयी. जबकि एक की मौत इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह में हो गयी. सभी मृत युवक मंझौल पंचायत तीन के पंचमुखी टोला निवासी बताये जा रहे हैं.
तीनों मृतकों की पहचान उक्त टोला निवासी स्व रामचंद्र सहनी के 40 वर्षीय पुत्र राजकुमार सहनी, महेंद्र सहनी के 26 वर्षीय राजा सहनी एवं ज्ञानचंद सहनी के 27 वर्षीय पुत्र दीना सहनी के रूप में की गयी है. घटना की सूचना के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया. लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के वरीय कार्यकर्ताओं के सूझ-बुझ से आक्रोश पर विराम लगाया गया.
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम दुर्गेश कुमार, एसडीपीओ सूर्यदेव कुमार, पुलिस निरीक्षक विभा कुमारी, बीडीओ कर्पूरी ठाकुर, सीओ राजीव रंजन चक्रवर्ती, ओपी अध्यक्ष सुबोध कुमार रात्रि से ही लोगों को समझाने के प्रयास में जुटे रहे. शव पोस्टमार्टम से लौटते ही पहले मंझौल ओपी परिसर में रखा गया.
जहां पर प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से वार्ता कर विधि-व्यवस्था बनाये रखने की अपील की. इस दौरान लोगों ने प्रशासन से हादसे की जांच करा कर अज्ञात बोलेरो की पहचान करने की मांग की.मौके पर एसडीएम ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख आर्थिक सहायता का भरोसा दिलाया.
ग्रामीणों के आश्वस्त होने के बाद युवकों के पार्थिव शरीर को घर पहुंचाया गया.जहां से हिंदू रीति रिवाज के अनुसार दाह-संस्कार के लिए बूढ़ी गंडक के कोठीघाट ले जाया गया. इस घटना को लेकर पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद मंझौल में मातमी सन्नाटा
मंझौल. सोमवार की रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे मंझौल मस्जिद चौक स्थित एस एच-55 पर भीषण सड़क हादसा हुआ. जिसमें एक अधेड़ सहित दो नवयुवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये. तीनों जख्मी मंझौल पंचायत तीन के पंचमुखी टोला निवासी बताये जाते हैं.
हादसा इतना जबर्दस्त था कि सड़क किनारे में बने पंचमुखी हनुमान मंदिर का पिलर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के समय भीषण ठंड के कारण सड़क बिल्कुल सुनसान पड़ा था. करीब-करीब तमाम लोग ठंड से बचने के लिए अपने घरों में दुबक चुके थे.
इसका फायदा उठाते हुए अज्ञात बोलेरो चालक दुर्घटना के बाद गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया. जख्मी लोगों की चीख व पुकार सुनकर लोग बाहर निकले तो हादसे की जानकारी हुई. आनन-फानन में लोग जख्मी लोगों को उठाकर इलाज के लिए बेगूसराय पहुंचाया.
जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया. जबकि तीसरे नवयुवक छात्र ने इलाज के क्रम में लगभग तीन बजे सुबह अंतिम सांस ली. तीनों मृतकों की पहचान मंझौल पंचमुखी टोला निवासी 40 वर्षीय राजकुमार, 26 वर्षीय राजा सहनी एवं 27 वर्षीय छात्र दीना सहनी के रूप में की गयी.
घर के नजदीक ही हुआ हादसा :सड़क हादसे के बाबत स्थानीय लोगों ने बताया कि तीनों की पारिवारिक स्थिति काफी दयनीय है. तथा सभी मजदूर हैं. लोगों का कहना था कि राजा कुमार सड़क किनारे बालू उठा रहा था.जबकि दीना सहनी उसे बालू उठाने में सहयोग कर रहे थे.
वहीं अधेड़ राजकुमार सहनी बेगूसराय स्थित पनहास से मजदूरी कर वापस घर लौट रहा था.हाथ में औजार एवं कंधे पर थैला लटका हुआ ही था. तभी घर के मुहाने पर पहुंचते ही काल ने अपने आगोश में ले लिया. इस दौरान मृतक के घरों पर सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी थी.परिजनों के चित्कार से पुरे मुहल्ले में मातमी कोहराम मचा था. लोग ढांढ़स बंधाते हुए अपने आंसुओं को भी रोक नहीं पा रहे थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन