बांका: बाराहाट में बाइक सवार तीन युवकों पर गिरा वज्रपात, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
फोटो- रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
बांका में वज्रपात का कहर टूटा, बाराहाट के पास तीन बाइक सवार युवक इसकी चपेट में आ गए. इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए.
बांका के बाराहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत राजघाट के समीप रविवार दोपहर तेज बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी झुलसकर घायल हो गए. तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर ननिहाल लबोंखर जा रहे थे. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराहाट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया.
बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आए तीनों युवक
मृतक की पहचान झारखंड के ढोढरी गांव निवासी रूपेश कुमार, पिता सुबोध राय, के रूप में हुई है. घायलों में मनीष कुमार और दिनेश कुमार शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार रूपेश कुमार अपने दोनों साथियों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर अपने ननिहाल लबोंखर जा रहा था. राजघाट के समीप पहुंचने के दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में तीनों युवक आ गए.
स्थानीय लोगों ने तीनों को पहुंचाया अस्पताल
वज्रपात की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े. स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों युवकों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराहाट पहुंचाया. अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने तीनों की जांच शुरू की.
सीएचसी में रूपेश को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
जांच के बाद चिकित्सकों ने रूपेश कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं मनीष कुमार और दिनेश कुमार का प्राथमिक उपचार किया गया. चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है.
शव देखते ही परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. रूपेश का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. घटना की सूचना उसके पैतृक गांव ढोढरी पहुंचते ही वहां भी मातमी सन्नाटा पसर गया.
कागजी प्रक्रिया के बाद शव लेकर झारखंड रवाना हुए परिजन
आवश्यक विधिक और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजन रूपेश कुमार का शव लेकर उसके पैतृक गांव झारखंड के ढोढरी के लिए रवाना हो गए. घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए