बिजली संकट से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, कटोरिया पावर सब-स्टेशन पर प्रदर्शन, जेई ने बहाल कराई आपूर्ति
उपभोक्ताओं को समझते कनीय अभियंता | Prabhat Khabar Network
Power Crisis : कटोरिया प्रखंड के विश्वकर्मानगर और दयालपुर गांवों में लंबे समय से बिजली संकट बना हुआ है. गुरुवार को इससे परेशान ग्रामीणों ने पावर सब-स्टेशन पर प्रदर्शन किया. कनीय विद्युत अभियंता ने मौके पर पहुंचकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई.
Power Crisis : कटोरिया प्रखंड के कांवरिया पथ से सटे विश्वकर्मानगर एवं दयालपुर गांव में लंबे समय से बिजली संकट और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है. गुरुवार को इससे परेशान बड़ी संख्या में ग्रामीण पावर सब-स्टेशन कटोरिया पहुंचे और विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण उमस भरी गर्मी में घरों में रहना मुश्किल हो गया है.
आपके शहर में
पंखे बंद, पढ़ाई प्रभावित, मोबाइल तक नहीं हो रहे चार्ज
ग्रामीणों ने बताया कि लो-वोल्टेज के कारण पंखे और अन्य घरेलू उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे हैं. बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और मोबाइल चार्ज करने जैसी सामान्य जरूरतें भी पूरी नहीं हो पा रही हैं. रात में अंधेरा रहने से सर्पदंश जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे लोगों में भय का माहौल है.
जेई ने मौके पर पहुंचकर बहाल कराई बिजली
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कनीय विद्युत अभियंता युवराज कुमार पावर सब-स्टेशन पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और विश्वकर्मानगर गांव का स्थल निरीक्षण किया. जांच के बाद आवश्यक तकनीकी कार्रवाई कर बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल कराई गई, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली.
स्थायी समाधान के लिए लगाए जाएंगे बिजली पोल
कनीय अभियंता ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से आवश्यक स्थानों पर नए बिजली पोल लगाए जाएंगे. इससे भविष्य में बिजली आपूर्ति सुचारु रखने में मदद मिलेगी. उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि विभाग इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगा.
ग्रामीणों ने की स्थायी व्यवस्था की मांग
जेई के आश्वासन और त्वरित कार्रवाई के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन शांत हुआ. हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि अस्थायी समाधान से काम नहीं चलेगा और भविष्य में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए. प्रदर्शन में कौशल्या देवी, झालो देवी, सुकमा देवी, धमनी देवी, गोदामी शर्मा, रिंकू शर्मा, पुतुल देवी, श्यामवती देवी, रेणुका देवी, कविता देवी, सुमंती देवी, रंजू देवी, पुरुषोत्तम शर्मा, पांडव शर्मा, मनोज हेंब्रम, अनिल यादव, अनिल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए