खड़िहारा के शिक्षक उमाकांत को राज्य स्तरीय सम्मान, बढ़ाया बाराहाट का मान
मिला प्रमाणपत्र | Prabhat Khabar Network
खड़िहारा के प्रोन्नत मध्य विद्यालय उर्दू के प्रधानाध्यापक उमाकांत कुमार को शिक्षा जगत में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया है. पटना में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने उन्हें सम्मानित किया. इस उपलब्धि से पूरे बाराहाट प्रखंड में खुशी की लहर दौड़ गई है.
बाराहाट (बांका). शिक्षक दिवस पर बाराहाट प्रखंड के खड़िहारा स्थित प्रोन्नत मध्य विद्यालय उर्दू के प्रधानाध्यापक उमाकांत कुमार ने शिक्षा जगत में अपने उत्कृष्ट कार्य से क्षेत्र का मान बढ़ाया है. शनिवार को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया. इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को अंगवस्त्र देकर भी सम्मानित किया गया. विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि जगाने तथा विद्यालय के वातावरण में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए उमाकांत कुमार के प्रयासों को राज्य स्तर पर सराहा गया.
आपके शहर में
बाराहाट प्रखंड में खुशी की लहर
शिक्षक दिवस के मौके पर मिली इस उपलब्धि से खड़िहारा ही नहीं, बल्कि पूरे बाराहाट प्रखंड में खुशी की लहर है. उमाकांत कुमार की इस उपलब्धि पर पूर्व प्रमुख राजेश यादव, प्रमुख खुशबू कुमारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह, जीप सदस्य नीलम सिंह, जीप सदस्य सिंपल देवी, ओमप्रकाश यादव, जदयू प्रखंड अध्यक्ष निखिल बहादूर सिंह, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अविनाश सिंह सहित शिक्षाविद सुरेंद्र प्रसाद सिंह, पंकज कुमार, दिलीप झा, राघवेंद्र झा एवं आदित्य कुमार झा समेत अन्य शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी. लोगों ने कहा कि उमाकांत कुमार का यह सम्मान क्षेत्र के लिए गौरव की बात है और उनकी उपलब्धि अन्य शिक्षकों को भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए