बारिश के बीच बिछावन से उतरते ही सांप ने डसा, आठ वर्षीय बालक की मौत
मृतक बालक क्रिसव कुमार (फाइल फोटो) | Prabhat Khabar Network
बांका जिले के बिराजपुर गांव में बारिश के बीच एक दर्दनाक घटना हुई. नींद से जागे 8 वर्षीय बच्चे को बिछावन से नीचे उतरते ही जहरीले सांप ने काट लिया. परिजनों के लाख प्रयास के बावजूद बच्चे को बचाया नहीं जा सका.
कटोरिया (बांका). आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तरी बारणे पंचायत के बिराजपुर गांव में मंगलवार की अहले सुबह सर्पदंश से आठ वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गयी. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है. मृत बालक की पहचान बिराजपुर गांव निवासी कामदेव यादव के इकलौते पुत्र क्रिसव कुमार (8) के रूप में हुई है.
बिछावन से नीचे उतरते ही जहरीले सांप ने डसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की अहले सुबह क्षेत्र में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हो रही थी. बारिश के कारण कामदेव यादव के घर में भी अफरातफरी की स्थिति बनी हुई थी. इसी दौरान नींद टूटने के बाद क्रिसव कुमार जैसे ही अपने बिछावन से नीचे उतरा, वहां मौजूद विषैले सांप ने उसे डस लिया.
गंभीर हालत में ग्रामीण चिकित्सक के पास ले गए परिजन
सर्पदंश की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में बालक को इलाज के लिए ग्रामीण चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी उसकी हालत गंभीर बनी रही. इसके बाद परिजन उसे कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे.
कटोरिया सीएचसी से देवघर किया गया रेफर
कटोरिया सीएचसी में चिकित्सकों ने बालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन मासूम को लेकर सदर अस्पताल देवघर पहुंचे.
देवघर में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
सदर अस्पताल देवघर में चिकित्सकों ने जांच के बाद क्रिसव कुमार को मृत घोषित कर दिया. बालक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. इकलौते बेटे की मौत से मां गुड़िया देवी, पिता कामदेव यादव, बड़ी बहन कृति कुमारी, दादी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मासूम की मौत के बाद उसके घर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया. परिजनों की चीख-पुकार से गांव में भी मातम पसरा रहा. अचानक हुई इस घटना से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए