बांका: कटोरिया में करीब 10 लाख की लागत से बनने वाला नरेगा खेल परिसर 2 साल बाद भी अधूरा, खिलाड़ियों में आक्रोश

Updated:
विज्ञापन

योजना बोर्ड | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

कटोरिया प्रखंड की बैरीसाल गांव में नरेगा खेल परिसर निर्माण योजना 2 साल बाद भी अधूरी पड़ी है. लाखों रुपये की लागत वाली यह योजना प्रशासनिक सुस्ती के चलते रुकी हुई है, जिससे स्थानीय खिलाड़ी और युवा नाराज हैं. बदहाल मैदान में अभ्यास करने को मजबूर खिलाड़ियों को उम्मीद है कि जल्द ही इस योजना को पूरा किया जाएगा.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका). कटोरिया प्रखंड की हड़हार पंचायत अंतर्गत बैरीसाल गांव में ग्रामीण युवाओं और बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से स्वीकृत नरेगा खेल परिसर निर्माण योजना करीब दो साल बाद भी अधूरी पड़ी है. योजना के लंबे समय से लंबित रहने से स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं में नाराजगी है. ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक सुस्ती और नियमित मॉनिटरिंग के अभाव में लाखों रुपये की महत्वपूर्ण योजना समय पर पूरी नहीं हो सकी.

विज्ञापन

दिसंबर 2024 में शुरू हुआ था खेल परिसर का काम

जानकारी के अनुसार बैरीसाल गांव में नरेगा के तहत खेल परिसर निर्माण योजना का शुभारंभ 19 दिसंबर 2024 को किया गया था. योजना की आईडी 0545009002एवी20448072 है और इसकी प्राक्कलित राशि करीब 9 लाख 93 हजार रुपये है. योजना के तहत खेल मैदान में मिट्टी भराई, समतलीकरण, रनिंग ट्रैक, बाउंड्री वॉल समेत आवश्यक खेल सुविधाएं और उपकरण उपलब्ध कराने का प्रावधान है. हालांकि निर्धारित कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है.

बदहाल मैदान में अभ्यास करने को मजबूर खिलाड़ी

खेल परिसर का निर्माण अधूरा रहने के कारण बच्चों और युवाओं को नियमित अभ्यास के लिए व्यवस्थित मैदान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. बैरीसाल गांव का प्रसिद्ध खेल मैदान भी वर्तमान में बदहाल स्थिति में है. ग्रामीण क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों का कहना है कि बेहतर मैदान और खेल सुविधाओं के अभाव में उन्हें अभ्यास करने में परेशानी होती है. इससे उनकी प्रतिभा को अपेक्षित मंच नहीं मिल पा रहा है.

बुनियादी सुविधाओं के अभाव में प्रभावित हो रही प्रतिभा

ग्रामीणों का कहना है कि गांव-कस्बों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. यदि बच्चों और युवाओं को बेहतर मैदान, प्रशिक्षण और जरूरी खेल सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं तो वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं.

लेकिन खेल सुविधाओं की कमी और निर्माणाधीन योजना के लंबे समय से अधूरे रहने के कारण खिलाड़ियों का उत्साह प्रभावित हो रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस दिशा में जल्द पहल करने की मांग की है.

हर वर्ष होता है बैरीसाल चैंपियंस लीग क्रिकेट टूर्नामेंट

बैरीसाल का खेल मैदान स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है. यहां प्रत्येक वर्ष बैरीसाल चैंपियंस लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता है. इसमें आसपास के कई क्षेत्रों की क्रिकेट टीमें हिस्सा लेने पहुंचती हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यदि नरेगा खेल परिसर का निर्माण पूरा हो जाए तो इस मैदान में खिलाड़ियों को बेहतर और व्यवस्थित सुविधाएं मिल सकती हैं. इससे स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

बैरिसाल का बदहाल खेल मैदान | Prabhat Khabar Network
बैरिसाल का बदहाल खेल मैदान | Prabhat Khabar Network

योजना का सूचना बोर्ड भी पुराना पड़ा

योजना स्थल पर कार्य शुरू होने के समय लगाया गया सूचना बोर्ड भी अब पुराना पड़ चुका है, लेकिन खेल परिसर का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हुआ है. इसे लेकर स्थानीय युवाओं में नाराजगी है.

युवाओं ने बांका जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर नरेगा खेल परिसर की अधूरी योजना को जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि मैदान का उपयोग बच्चों और खिलाड़ियों के लिए व्यवस्थित तरीके से हो सके.

युवाओं को नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में खेल अहम

स्थानीय युवाओं का कहना है कि खेल मैदान केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को नशे तथा अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. नियमित खेल गतिविधियों से युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक दिशा मिल सकती है. इसलिए जिला प्रशासन को खेल परिसर निर्माण योजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराकर खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए.

योजना पूरी कराने के लिए पीआरएस को निर्देश

मामले को लेकर कार्यक्रम पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि खेल परिसर निर्माण योजना के लंबित रहने की जानकारी संज्ञान में आयी है. योजना को पूर्ण कराने के लिए पीआरएस को निर्देशित किया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन