श्याम बाजार से लापता हुआ छात्र पांच दिनों से नहीं लौटा घर, रो-रोकर परिजन बेहाल

Published by : SHUBHASH BAIDYA Updated At : 20 Feb 2026 7:13 PM

विज्ञापन

बौंसी थाना क्षेत्र के श्याम बाजार से लापता 16 वर्षीय छात्र प्रीतम कुमार का अब तक कोई अता-पता नहीं चल पाया है.

विज्ञापन

बौंसी. बौंसी थाना क्षेत्र के श्याम बाजार से लापता 16 वर्षीय छात्र प्रीतम कुमार का अब तक कोई अता-पता नहीं चल पाया है. पांच दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाने से परिवार की चिंता और बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है. मालूम हो कि छात्र रौतावरन गांव निवासी बलराम यादव का पुत्र है. पिता के अनुसार, 16 फरवरी को वह घर से श्याम बाजार के लिए निकला था. बताया जाता है कि छात्र श्याम बाजार में ही रहकर पढ़ाई करता था. हॉस्टल पर नहीं पहुंचने पर वहां के शिक्षक के द्वारा फोन पर इसकी सूचना परिजनों को दी गयी थी. पहले तो परिवार ने सोचा कि वह किसी मित्र के यहां रुक गया होगा, परंतु जब रात भर उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों की चिंता गहरा गयी. पुत्र के अब तक बरामद नहीं होने से मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. मां की आंखें हर समय दरवाजे पर टिकी रहती हैं. घर के बाहर ज़रा सी आहट पर दिल धड़क उठता है कि शायद बेटा लौट आया हो, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लग रही है. परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण भी ढांढस बंधा रहे हैं, मगर समय बीतने के साथ चिंता और गहराती जा रही है.

आधे दर्जन नंबरों से आये मिस्ड कॉल

प्रीतम के पिता बलराम यादव ने बताया कि बेटे के लापता होने के बाद उनके मोबाइल पर अलग-अलग करीब आधा दर्जन अनजान नंबरों से मिस्ड कॉल आये हैं. जब वापस कॉल किया गया तो किसी ने बात नहीं की. इससे परिवार और भी आशंकित है. उन्होंने आशंका जतायी है कि यह किसी साजिश का हिस्सा भी हो सकता है. परिजनों ने थाना में मामला दर्ज कराया कराया है. साथ ही जनता दरबार में आये पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा से भी मिलकर बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगायी गयी है. बताया जाता है कि पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष शैलेश कुमार को आवश्यक निर्देश दिए हैं और मामले की गंभीरता से जांच करने को कहा है. पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर छानबीन की जा रही है और मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है. आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है.

सोशल मीडिया पर लगायी जा रही गुहार

प्रीतम की तलाश में परिवार और ग्रामीण सोशल मीडिया का भी सहारा ले रहे हैं. फोटो और जानकारी साझा कर लोगों से अपील की जा रही है कि यदि किसी को भी प्रीतम के बारे में कोई सूचना मिले तो तुरंत परिवार या पुलिस को सूचित करें. घटना के बाद रौतावरन गांव सहित आसपास के इलाकों में चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह दिनदहाड़े एक छात्र का लापता हो जाना गंभीर चिंता का विषय है. परिजन प्रशासन से जल्द से जल्द बेटे को सकुशल घर लाने की गुहार लगा रहे हैं. हर बीतता दिन परिवार के लिए भारी पड़ रहा है. अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और किसी सकारात्मक सूचना पर टिकी हैं.

विज्ञापन
SHUBHASH BAIDYA

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन