ससुराल वालों की प्रताड़ना में जख्मी विवाहिता की हुई मौत, पति गिरफ्तार

Published by : DEEPAK KUMAR CHOUDHARY Updated At : 04 Feb 2026 9:15 PM

विज्ञापन

कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हड़हार पंचायत के भोलाडीह गांव में ससुराल वालों की प्रताड़ना से जख्मी विवाहिता की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी.

विज्ञापन

नौ वर्ष पूर्व बबीता व शंभु ने किया था प्रेम-विवाह, छानबीन में जुटी पुलिस कटोरिया. कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हड़हार पंचायत के भोलाडीह गांव में ससुराल वालों की प्रताड़ना से जख्मी विवाहिता की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतका की पहचान भोलाडीह गांव निवासी शंभु यादव की 27 वर्षीया पत्नी बबीता कुमारी के रूप में हुई है. देवघर स्थित प्राइवेट क्लिनिक से शव को लेकर बुधवार की देर शाम मृतका के मायके वाले कटोरिया थाना पहुंचे. थाना में पति सहित ससुराल के अन्य सदस्यों पर प्रताड़ना के क्रम में मारपीट कर हत्या कर देने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति शंभु यादव को गिरफ्तार कर लिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2017 में झुनझुनियां गांव निवासी पप्पू यादव की पुत्री बबीता कुमारी व भोलाडीह गांव निवासी शंभु यादव ने लव-मैरिज किया था. इसमें दो बच्चे सुमित कुमार व सृष्टि कुमारी भी हुई. इधर, मायके वालों का आरोप है कि गत एक फरवरी रविवार को बबीता कुमारी के साथ पति सहित अन्य सदस्यों ने मारपीट करते हुए प्रताड़ित किया. फिर उसे कटोरिया के बाद देवघर स्थित प्राइवेट क्लिनिक में भर्ती कराकर इलाज कराया. बुधवार को दिन के करीब साढ़े बारह बजे इलाज के दौरान विवाहिता बबीता कुमारी ने दम तोड़ दिया. देवघर स्थित प्राइवेट क्लिनिक से शव लेकर मायके के सदस्य कटोरिया थाना पहुंचे और पति सहित ससुराल के अन्य सदस्यों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कराया. एसडीपीओ डाॅ रवींद्र मोहन प्रसाद, इंस्पेक्टर सह कटोरिया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार व पुलिस अवर निरीक्षक सूरज कुमार ने मृतका के पिता, चाचा सहित अन्य सदस्यों से घटना की विस्तृत जानकारी भी ली. पुलिस ने आरोपित पति शंभु यादव को गिरफ्तार कर लिया है. इधर, चर्चा है कि जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत हुई है. पुलिस टीम सभी बिंदुओं पर गहन जांच-पड़ताल कर रही है. वहीं मायके के सदस्यों में घटना को लेकर कोहराम मचा हुआ है. मृतका के पिता पप्पू यादव, मां संजू देवी, चाचा रामदेव यादव, विनोद यादव, अशोक यादव आदि का रो-रोकर बुरा हाल है.

विज्ञापन
DEEPAK KUMAR CHOUDHARY

लेखक के बारे में

By DEEPAK KUMAR CHOUDHARY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन