बांका में हनुमान मंदिरों में उमड़ी भीड़, गूंजा हनुमान चालीसा का पाठ, संकट मोचन मंदिर में देर रात तक दर्शन

Updated:
विज्ञापन

हनुमान जी का प्रतिमा | Prabhat Khabar Network

जिले भर के हनुमान मंदिरों में मंगलवार को भक्ति का माहौल छाया रहा. सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में जुटी, जहां हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया गया. परिवार की सुख-समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं.

विज्ञापन

जिले में मंगलवार को बजरंगबली की भक्ति का रंग देखने को मिला. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक स्थित हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. भक्तों ने हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ कर बजरंगबली की पूजा-अर्चना की. सुबह और शाम मंदिरों में महाआरती का आयोजन किया गया. श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

आपके शहर में

विज्ञापन

सुबह पांच बजे खुल गए मंदिरों के पट

बजरंगबली मंदिरों के साथ जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों के पट भी सुबह करीब पांच बजे खोल दिए गए. कपूर और घी के दीपक से हनुमान जी की आरती की गयी. इसके बाद भगवान को तुलसी के साथ गुड़-चना और बेसन के लड्डू का भोग लगाया गया. मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं को पंडितों की ओर से तिलक लगाया गया और पूजा के बाद प्रसाद का वितरण किया गया.

संकट मोचन मंदिर में सुबह से लगी भक्तों की कतार

अमरपुर बस स्टैंड और पंजवारा बाजार स्थित संकट मोचन मंदिर में सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही. पंजवारा स्थित मंदिर का पट सुबह छह बजे खुला और रात नौ बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहा. मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही.

मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष महेश मंडल और सचिव विनय भगत ने बताया कि पुजारी बच्चेलाल मिश्रा के द्वारा नियमित रूप से श्रृंगार पूजा, आरती, महाआरती, भंडारा और प्रसाद वितरण कराया जाता है. उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंगलवार और शनिवार की शाम कीर्तन का आयोजन किया जाएगा. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण होगा.

झारखंड से भी पहुंचे श्रद्धालु

पंजवारा के संकट मोचन मंदिर में बांका के आसपास के गांवों के अलावा झारखंड के विभिन्न गांवों से भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे. भक्तों ने मंदिर में बजरंगबली के दर्शन कर पूजा की और परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की.

पंचमुखी मंदिर में विशेष पूजा, शाम को महाआरती

शहर के भयहरण स्थान और बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ. मंदिर का पट सुबह पांच बजे ही खोल दिया गया था. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने राम भक्त हनुमान की पूजा की. शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बजरंगबली मंदिरों में शाम के समय आरती और प्रसाद वितरण किया गया. अन्य मंदिरों में भी शाम को महाआरती का आयोजन हुआ.

मंदार के मधुसूदन मंदिर में दिनभर विशेष पूजा

मंदार स्थित मधुसूदन मंदिर में भी दिनभर विशेष पूजा-अर्चना की गयी. मंदिर के पुजारी के अनुसार सुबह 7:30 बजे पंडित विंदेश्वरी झा उर्फ पटल झा और लक्ष्मण झा ने भगवान की प्रतिमा का महास्नान कराया. दोपहर 12 बजे के बाद भगवान को भोग लगाया गया. शाम छह बजे श्रृंगार पूजा के बाद भव्य आरती का आयोजन किया गया.

श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर का पट दोपहर एक बजे दोबारा खोला गया. देर शाम सात बजे मंदिर का पट बंद कर दिया गया. इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही और पूरा क्षेत्र धार्मिक माहौल में डूबा रहा.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन