बांका में विवाहिता रहस्यमय तरीके से लापता, मायके वालों ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप, तीन माह की बच्ची ससुराल में

Updated:
विज्ञापन

लापता महिला की फाइल तस्वीर. | Prabhat Khabar Network

भीखनपुर गांव में एक विवाहिता के रहस्यमय तरीके से लापता होने से सनसनी फैल गई है. मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ना दी जा रही थी. वहीं, ससुराल पक्ष ने भी विवाहिता के लापता होने की सूचना पुलिस को दी है.

विज्ञापन

बौंसी थाना क्षेत्र के भीखनपुर गांव में एक विवाहिता के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद विवाहिता के मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने हैं. ससुराल पक्ष ने विवाहिता के लापता होने की सूचना पुलिस को दी है, जबकि मायके वालों ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए बेटी की बरामदगी की गुहार लगायी है. दोनों पक्षों के अलग-अलग आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

2024 में हुई थी शादी, दहेज प्रताड़ना का आरोप

कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र निवासी जितेंद्र साह ने बौंसी थाना में आवेदन देकर बताया कि उनकी बेटी संगीता कुमारी की शादी वर्ष 2024 में भीखनपुर गांव निवासी नीतीश कुमार, पिता विनोद साह के साथ हुई थी. पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था.

जितेंद्र साह के अनुसार, संगीता ने फोन पर कई बार मायके वालों को ससुराल में हो रही परेशानी की जानकारी दी थी. बेटी की शिकायत मिलने के बाद परिजन भीखनपुर पहुंचे थे. वहां ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी.

पंचायत के बाद फिर शुरू हुई परेशानी

पंचायत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी और संगीता अपने ससुराल में रहने लगी. हालांकि, मायके पक्ष का आरोप है कि कुछ समय बाद सास-ससुर की ओर से फिर मारपीट की जाने लगी. साथ ही एक लाख रुपये दहेज की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है.

पिता के मुताबिक, दोबारा बेटी से परेशानी की जानकारी मिलने के बाद जब परिजन भीखनपुर पहुंचे तो संगीता घर पर नहीं मिली. इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.

तीन माह की बच्ची को लेकर भी उठे सवाल

मायके पक्ष ने पुलिस को दिए आवेदन में दावा किया है कि संगीता की करीब तीन माह की बच्ची ससुराल पक्ष के पास है. पिता ने पुलिस से बेटी को जल्द बरामद करने की मांग की है. साथ ही पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की गुहार लगायी है.

ससुराल पक्ष ने भी पुलिस को दी सूचना

इधर, विवाहिता के ससुराल पक्ष की ओर से भी उसके लापता होने को लेकर बौंसी थाना में आवेदन दिया गया है. इस तरह एक ही मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग शिकायत सामने आने से मामला और पेचीदा हो गया है.

बौंसी पुलिस दोनों आवेदनों के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है. पुलिस विवाहिता के लापता होने के कारणों का पता लगाने के साथ मायके पक्ष की ओर से लगाए गए दहेज प्रताड़ना और मारपीट के आरोपों की भी जांच कर रही है. पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन