बांका में BPSC शिक्षिका की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव; पति हिरासत में, हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
शिक्षिका का फाइल फोटो.

शिक्षिका का फाइल फोटो.

BPSC Teacher Death : बांका शहर में एक 28 वर्षीय बीपीएससी शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना के समय घर में उसका छोटा बच्चा मौजूद था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

विज्ञापन

BPSC Teacher Death : बांका शहर के विजयनगर मोहल्ले में बुधवार दोपहर एक 28 वर्षीय बीपीएससी शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान विजयनगर निवासी शिक्षक अमर सिंह की पत्नी ऋचा कुमारी के रूप में हुई है. वह सदर थाना क्षेत्र के करझौंसा बेलुटीकर मध्य विद्यालय में बीपीएससी शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं. घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है.

घटना के समय पति स्कूल में, छोटा बेटा घर में था

जानकारी के अनुसार घटना के समय उनके पति अमर सिंह बौंसी थाना क्षेत्र के झरना स्कूल में पढ़ाने गए हुए थे. परिवार का सात वर्षीय पुत्र अभियांश सामान खरीदने के लिए घर से बाहर गया था, जबकि छह माह का छोटा पुत्र घर में मौजूद था. बताया जा रहा है कि छोटे बेटे की तबीयत खराब होने के कारण शिक्षिका ने बुधवार को स्कूल से अवकाश लिया था और कुछ देर बाद बच्चे को डॉक्टर के पास ले जाने की तैयारी कर रही थीं. इसी बीच यह घटना सामने आई.

बेटे ने पिता को फोन कर दी सूचना

परिजनों के अनुसार सात वर्षीय अभियांश जब दुकान से लौटकर घर पहुंचा तो उसने अपनी मां को अचेत अवस्था में देखा. इसके बाद उसने मोबाइल फोन से अपने पिता को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा आनन-फानन में शिक्षिका को बाइक से सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. उस्मान गनी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पति से पूछताछ

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगह पहुंची. पुलिस ने एफएसएल टीम से घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच कराई, जिसमें कई साक्ष्य एकत्र किए गए हैं. मामले की जांच के लिए मृतका और उनके पति के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं. पुलिस पूछताछ के लिए पति को हिरासत में लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है.

हत्या या आत्महत्या, हर पहलू की जांच

मोहल्ले में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं. कुछ लोग इसे आत्महत्या तो कुछ हत्या की आशंका जता रहे हैं. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.

सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव मृतका के ममेरे भाई को सौंप दिया गया है. उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष से आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें : कटोरिया के 10 साल के सुमन पर टूटा दुखों का पहाड़, माता-पिता को खोने के बाद सरकारी सहारे की मांग


विज्ञापन
चंदन कुमार

लेखक के बारे में

By चंदन कुमार

चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन