बांका में आज से पल्स पोलियो अभियान का आगाज, 3.85 लाख बच्चों को मिलेगी जीवनरक्षक खुराक

सदर अस्पताल में नवजात शिशु को दवा पिलाते डीएम, सीएस व अन्य.
Pulse Polio Campaign 2026: जिले में आज से पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गयी. सदर अस्पताल में डीएम अंशुल अग्रवाल ने नवजात शिशु को दो बुंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की.
बांका से नवनीत कुमार की रिपोर्ट
Pulse Polio Campaign 2026: बांका जिले में रविवार से पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई. सदर अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने एक नवजात शिशु को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया. स्वास्थ्य विभाग ने जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 3,85,063 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है.
Pulse Polio Campaign 2026: डीएम ने किया अभियान का शुभारंभ

सदर अस्पताल में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने नवजात शिशु को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए.
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने भी अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया.
822 घर-घर टीमें और 63 ट्रांजिट टीमें हुईं तैनात
जिला स्वास्थ्य समिति के अनुसार अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में 822 घर-घर टीमों का गठन किया गया है, जो अगले चरण में घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी.
इसके अलावा 63 ट्रांजिट टीमों की भी तैनाती की गई है. ये टीमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, हाट-बाजार, ईंट-भट्ठों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मौजूद रहेंगी ताकि यात्रा के दौरान भी कोई बच्चा दवा से वंचित न रह जाए.
धोरैया में सबसे ज्यादा, बांका शहर में सबसे कम लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार धोरैया प्रखंड में सबसे अधिक 43,869 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं बांका शहरी क्षेत्र में सबसे कम 8,948 बच्चों को दवा पिलाई जाएगी.
अमरपुर में 40,257, कटोरिया में 43,381, रजौन में 40,253 और बौंसी में 35,610 बच्चों को इस अभियान के तहत शामिल किया गया है.
पहले दिन बूथ, फिर घर-घर पहुंचेगी टीम
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के पहले दिन विभिन्न बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी. इसके बाद अगले दो दिनों तक स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाने का कार्य करेंगे.
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलवाएं.
‘दो बूंद जिंदगी की’ से पोलियो मुक्त भविष्य का संकल्प
स्वास्थ्य विभाग “दो बूंद जिंदगी की” संदेश के साथ जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. अधिकारियों का कहना है कि सामूहिक भागीदारी और अभिभावकों के सहयोग से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है.
इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. सुनील चौधरी, डीपीएम सहित सदर अस्पताल के कई अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
ये भी पढ़े : धोरैया में ठनका का कहर, आंधी-बारिश के बीच 3 मवेशियों की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










