मिर्जापुर से राइफल व देशी हथियार बरामद, प्राथमिकी दर्ज, अपराधियों की तलाश तेज
बाराहाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर लवटोलिया टोला के समीप पुलिस द्वारा बरामद किए गए अवैध हथियारों के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.
बाराहाट. बाराहाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर लवटोलिया टोला के समीप पुलिस द्वारा बरामद किए गए अवैध हथियारों के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. मंगलवार को बाराहाट थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ बौंसी इंद्रजीत बैठा ने मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सोमवार को गुप्त सूचना मिली थी कि मिर्जापुर गांव के समीप कुछ अपराधी अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए गठित पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की. पुलिस को देखते ही दो संदिग्ध हथियार लेकर भागने लगे. पुलिस ने उनका काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन दबिश के दौरान दोनों झाड़ियों में हथियार फेंककर फरार हो गए. मौके पर की गई तलाशी के दौरान पुलिस ने एक राइफल और एक देशी निर्मित छोटा मास्केट बरामद किया. राइफल में मैगजीन लगी हुई थी, जिसमें 3.15 बोर की पांच गोलियां लोड थीं. इसके अतिरिक्त राइफल से बंधे एक बटुए से 3.15 बोर की 16 जिंदा गोलियां भी बरामद की गईं. वहीं, देशी मास्केट में भी 3.15 बोर की एक गोली लोड मिली. एसडीपीओ ने बताया कि बरामद हथियारों और गोलियों को जब्त कर मामले में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्रारंभिक जांच में फरार दोनों संदिग्धों की पहचान कर ली गई है. उन्होंने बताया कि दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है. इनमें से एक के विरुद्ध आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे के खिलाफ भी विभिन्न मामलों में केस दर्ज पाए गए हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया गया. फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. प्रेस वार्ता में बाराहाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार, पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










