मंदार के किसानों को बड़ी सौगात, ₹4.57 करोड़ से बनेगा अगरा जोर चेक डैम, 1500 एकड़ खेतों तक पहुंचेगा पानी
Edited by AMIT KUMAR SINH
Updated:
विज्ञापन
Agra Jor Check Dam Mandar : मंदार क्षेत्र के हजारों किसानों का वर्षों पुराना इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. करीब तीन दशक से जर्जर और ध्वस्त पड़े अगरा जोर का पुनर्निर्माण होगा. 4.57 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला नया चेक डैम न सिर्फ किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा देगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान दिलाएगा.
विज्ञापन
बौसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट
Banka News : बांका जिले के बौंसी प्रखंड स्थित मंदार क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है. लघु जल संसाधन विभाग ने अगरा जोर पर 4 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से नए चेक डैम निर्माण की स्वीकृति दे दी है. परियोजना पूरी होने के बाद पंडा टोला, नीमा सहित आसपास के कई गांवों की 1000 से 1500 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा. विभागीय स्तर पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है.30 वर्षों बाद होगा अगरा जोर का कायाकल्प
जानकारी के अनुसार अगरा जोर का पुराना चेक डैम वर्ष 1995 के आसपास क्षतिग्रस्त होकर लगभग ध्वस्त हो गया था. इसके बाद से क्षेत्र के किसान सिंचाई संकट से जूझ रहे थे. वर्षों से इसकी मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग उठती रही. अब तत्कालीन लघु जल संसाधन मंत्री एवं वर्तमान अमरपुर विधायक जयंत राज के प्रयासों से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी मिल गई है. इससे क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है.निर्माण एजेंसी का चयन, जल्द शुरू होगा काम
लघु जल संसाधन विभाग के एसडीओ रंजीत रोशन ने बताया कि योजना से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं. टेंडर प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है और निर्माण एजेंसी का चयन भी कर लिया गया है. विभाग ने निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा है. अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य शुरू होते ही इसकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जायेगी.प्रोटेक्शन वॉल और बोल्डर पीचिंग से बढ़ेगी मजबूती
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक चेक डैम के पुनर्निर्माण के साथ दोनों किनारों पर मजबूत प्रोटेक्शन वॉल का निर्माण कराया जाएगा. जल प्रवाह और कटाव से संरचना को सुरक्षित रखने के लिए बोल्डर पीचिंग भी की जाएगी. इससे डैम की मजबूती बढ़ेगी और लंबे समय तक इसकी उपयोगिता बनी रहेगी. तकनीकी दृष्टि से इसे अधिक सुरक्षित और टिकाऊ बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.1500 एकड़ तक खेतों को मिलेगा सीधा लाभ
परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र की लगभग 1000 से 1500 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी. किसानों को खरीफ और रबी दोनों मौसम में पर्याप्त पानी मिल सकेगा. इसके अलावा सब्जी उत्पादन, बागवानी और नकदी फसलों की खेती को भी बढ़ावा मिलेगा. किसानों का मानना है कि यह चेक डैम क्षेत्र की कृषि व्यवस्था के लिए लाइफलाइन साबित होगा और उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.चेक डैम के साथ बनेगा आकर्षक छठ घाट
मंदार क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. छठ महापर्व के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. इसे देखते हुए परियोजना में दोनों किनारों पर 300 मीटर से अधिक लंबा आकर्षक छठ घाट विकसित करने की योजना बनाई गई है. विभागीय सूत्रों के अनुसार घाट का निर्माण आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जाएगा ताकि इसका उपयोग धार्मिक आयोजनों के अलावा सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी किया जा सके.बोले विधायक जयंत राज
अमरपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री जयंत राज ने कहा कि यह परियोजना मंदार क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी. उन्होंने कहा कि चेक डैम बनने से सिंचाई की स्थायी व्यवस्था होगी, खेती की लागत कम होगी और उत्पादन में वृद्धि होगी. साथ ही छठ घाट निर्माण से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय पर पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. उनके अनुसार यह परियोजना कृषि, जल संरक्षण और क्षेत्रीय विकास के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










