बांका के मंदिरों में गूंजा जय श्रीराम का उद्घोष, हनुमान मंदिरों में हुई विशेष आरती और बांटा गया महाप्रसाद

कटोरिया के कठौन स्थित मंदिर में स्थापित बजरंगबली की प्रतिमा.
बांका जिले के हनुमान मंदिरों में भक्ति का माहौल रहा. जय श्रीराम के नारे गूंजे, विशेष आरती हुई और भक्तों में महाप्रसाद बांटा गया. पंजवारा, भयहरण स्थान और पंचमुखी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई.
बांका से चंदन कुमार की रिपोर्ट
Hanuman Puja Banka : बांका जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को स्थापित बजरंगबली मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला. सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिरों में लगी रहीं. भक्तों ने भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगल की कामना की. जिले के कई मंदिरों में सामूहिक सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया.
महाआरती के साथ लगा प्रसाद का भोग
सुबह और शाम मंदिरों में कपूर व घी के दीपक से विशेष आरती की गई. इसके बाद भगवान को तुलसी, गुड़, चना और बेसन के लड्डू का भोग अर्पित किया गया. पूजा के बाद पुजारियों ने श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर प्रसाद वितरित किया. हनुमान मंदिरों के अलावा जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों के पट भी सुबह पांच बजे खोल दिए गए, जहां दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा.
पंजवारा संकट मोचन मंदिर में दिनभर रही रौनक
पंजवारा बाजार स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही. मंदिर का पट सुबह 6 बजे खुला और रात 9 बजे तक दर्शन जारी रहे. मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष महेश मंडल और सचिव विनय भगत ने बताया कि पुजारी बच्चेलाल मिश्रा द्वारा प्रतिदिन श्रृंगार पूजा, आरती, महाआरती, भंडारा और प्रसाद वितरण कराया जाता है. प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को संध्या कीर्तन के साथ महाप्रसाद का आयोजन भी होता है. इस अवसर पर आसपास के गांवों के साथ-साथ झारखंड से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे.
भयहरण स्थान और पंचमुखी मंदिर में विशेष पूजा
शहर के भयहरण स्थान और बाबूटोला स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना की गई. मंदिरों के पट सुबह 5 बजे खोल दिए गए, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के दर्शन किए. शाम को विशेष आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ. ग्रामीण क्षेत्रों के बजरंगबली मंदिरों में भी भक्तों की अच्छी खासी भीड़ रही.
मंदार के मधुसूदन मंदिर में दिनभर चला अनुष्ठान
मंदार स्थित मधुसूदन मंदिर में भी पूरे दिन विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए. मंदिर के पुजारी ने बताया कि सुबह 7:30 बजे भगवान का महास्नान कराया गया. दोपहर में भोग अर्पित किया गया, जबकि शाम 6 बजे श्रृंगार पूजा और भव्य आरती हुई. श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए दोपहर बाद मंदिर का पट दोबारा खोला गया और शाम 7 बजे मंदिर के कपाट बंद किए गए. दिनभर मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा.
ये भी पढ़ें : आज पूरे बिहार में आंधी-तूफान के साथ होगी तेज बारिश, अगले 5 दिनों तक के लिए अलर्ट जारी
ये भी पढ़ें : आज बांका में बारिश के आसार, तेज आंधी-गरज के साथ उमस से मिलेगी राहत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










