बौंसी के सरस्वती शिशु-विद्या मंदिर में गूंजा ‘योग से निरोग’ का संदेश, सैकड़ों लोगों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

Updated:
विज्ञापन

योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास करते विद्यार्थी.

International Yoga Day : योग दिवस पर बौंसी के सरस्वती शिशु-विद्या मंदिर में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर ‘योग से निरोग’ का संदेश दिया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया.

विज्ञापन

बौसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट

International Yoga Day : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बौंसी स्थित परमेश्वर लाल खेमका सरस्वती शिशु-विद्या मंदिर में शनिवार को उत्साह और ऊर्जा से भरपूर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों, शिक्षकों और समाज के गणमान्य लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया. पूरे परिसर में योग, स्वास्थ्य और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता का वातावरण देखने को मिला.

आपके शहर में

विज्ञापन

दीप प्रज्वलन के साथ हुई प्रेरणादायक शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की स्थानीय प्रबंधनकारिणी समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, प्रधानाचार्य जीतेंद्र प्रसाद तथा पतंजलि योग समिति के योग प्रशिक्षक विकास कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके उपरांत महर्षि पतंजलि एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया. उपस्थित लोगों ने योग को भारत की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया.

प्राणायाम और योगासन से गूंजा विद्यालय परिसर

योग दिवस समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया. सामूहिक योगाभ्यास के दौरान भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, उज्जायी और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया. इसके साथ ही सूक्ष्म व्यायाम, वज्रासन, शशकासन, मंडूकासन, ताड़ासन, अर्द्धकटिचक्रासन तथा सूर्य नमस्कार का भी अभ्यास कराया गया. योग प्रशिक्षकों ने प्रत्येक योग क्रिया के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया.

स्वस्थ जीवन का सबसे सरल मंत्र बना योग

योग प्रशिक्षक विकास कुमार ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग सबसे प्रभावी समाधान बनकर उभरा है. उन्होंने कहा कि नियमित योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है. वहीं कार्यक्रम के सह प्रमुख सुमन प्रसाद सिन्हा ने सभी प्रतिभागियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया.

समाज की सहभागिता ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा

कार्यक्रम में विद्यालय के सभी भैया-बहनों के अलावा 22 आचार्य, चार समिति सदस्य, 76 अभिभावक, 22 पूर्व छात्र और स्थानीय समाज के चार गणमान्य लोगों ने भाग लिया. कार्यक्रम प्रमुख ललिता कुमारी एवं सह प्रमुख सुमन प्रसाद सिन्हा के संयुक्त संचालन में संपन्न हुआ. समापन मंत्र के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ, लेकिन योग के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवन का संदेश सभी प्रतिभागियों के मन में गहरी छाप छोड़गया.

Also Read : दिव्यांग खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच, बांका में खुला पारा स्पोर्ट्स प्रशिक्षण केंद्र

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन