कटोरिया में दो दिनों से झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिले, सड़कों पर जलजमाव से राहगीरों की बढ़ी परेशानी
आदर्श मध्य विद्यालय के पीसीसी पर जलजमाव. | Prabhat Khabar Network
कटोरिया और आसपास के क्षेत्रों में दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश से किसानों की खुशी का ठिकाना नहीं है, क्योंकि यह धान की फसल के लिए वरदान साबित हुई है. हालांकि, जल निकासी की समस्या के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है.
कटोरिया एवं आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है. बारिश से जहां धान की खेती कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं बाजार और ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी जमा हो गया है. इससे पैदल राहगीरों के साथ बाइक, टोटो और ऑटो चालकों को भी आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
धान की फसल के लिए वरदान साबित हुई बारिश
इस समय धान की फसल को पर्याप्त पानी की जरूरत है. ऐसे में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है. खेतों में बारिश का पानी पहुंचने से मिट्टी में नमी बढ़ गयी है और धान की फसल को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.
किसानों का कहना है कि लंबे समय से बारिश का इंतजार किया जा रहा था. अब अच्छी बारिश होने से खेतों में हरियाली लौटने लगी है. पर्याप्त बारिश होने से धान की फसल के बेहतर उत्पादन की उम्मीद भी बढ़ गयी है. बारिश ने किसानों की चिंता काफी हद तक कम कर दी है.
जलनिकासी नहीं होने से सड़कें हुईं जलमग्न
बारिश ने जहां किसानों को राहत दी है, वहीं जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई इलाकों में लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाली पीसीसी सड़क पर पानी जमा हो गया है. इसके अलावा आदर्श मध्य विद्यालय जाने वाली पीसीसी सड़क, कठौन स्कूल के सामने की पक्की सड़क और घोरमारा गांव की पक्की सड़क पर भी जलजमाव की गंभीर स्थिति बनी हुई है.
इन सड़कों पर बारिश का पानी जमा रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. कई स्थानों पर सड़क और आसपास का क्षेत्र पानी से घिरा नजर आ रहा है.
पानी के बीच से गुजरने को मजबूर लोग
सड़कों पर जलजमाव के कारण पैदल आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. वहीं बाइक, टोटो और ऑटो चालकों को भी पानी के बीच से वाहन निकालना पड़ रहा है. सड़क पर जमा पानी के कारण कई जगह गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
बारिश के दौरान स्कूल, अस्पताल और बाजार की ओर जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो परेशानी और बढ़ सकती है.
हर साल जलजमाव, स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दिनों में इन स्थानों पर हर साल जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है. जलनिकासी की सुदृढ़ व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है और लोगों को कई दिनों तक परेशानी झेलनी पड़ती है.
लोगों ने नगर पंचायत के मुख्य पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि नालियों की समुचित व्यवस्था और पानी की निकासी के लिए स्थायी समाधान होने से हर साल बारिश के दौरान होने वाली परेशानी से राहत मिल सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए