बाराहाट के वैदाचक मोहल्ले में बांस के सहारे घरों तक पहुंची बिजली, 700 मीटर तक खींचे तार, हादसे का खतरा

Updated:
विज्ञापन

बांस के खंबे पर लटका बिजली का मार. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बांका के वैदाचक मोहल्ले में बिजली के पोल नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं. वे 700 मीटर तक बांस के सहारे तार खींचकर बिजली पहुंचा रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द पोल लगाने की मांग की है.

विज्ञापन

बांका जिले के बाराहाट प्रखंड की लौंढिया खुर्द पंचायत के वैदाचक मोहल्ले में बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों की परेशानी सामने आयी है. मोहल्ले के दर्जनों घरों तक करीब एक वर्ष पहले बिजली कनेक्शन तो पहुंच गया, लेकिन अब तक बिजली के पोल नहीं लगाये गये हैं. इसके कारण ग्रामीण अपनी जरूरत के अनुसार बांस के अस्थायी खंभे खड़े कर घरों तक बिजली के तार पहुंचा रहे हैं.

विज्ञापन

300 से 700 मीटर तक बांस के सहारे खींचे तार

पोल नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने अलग-अलग स्थानों पर बांस के खंभे लगाकर बिजली के तार खींचे हैं. बताया गया कि कई घरों तक 300, 500 और कहीं-कहीं करीब 700 मीटर की दूरी से तार पहुंचाया गया है. कमजोर बांस के सहारे बिजली के तार झूलते नजर आते हैं. कई जगह तारों की स्थिति ऐसी है कि ग्रामीणों को हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

बारिश और हवा में बढ़ जाता है खतरा

ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के मौसम में बांस के सहारे झूल रहे तारों से खतरा और बढ़ जाता है. बारिश के दौरान तारों में करंट उतरने और हवा चलने पर तारों के टूटकर गिरने की आशंका बनी रहती है. ऐसे में मोहल्ले के लोगों को किसी बड़े हादसे की चिंता सताती रहती है.

अधिकारियों को कई बार दी गयी जानकारी

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार मौखिक और लिखित रूप से जानकारी दी गयी. इसके बावजूद अब तक मोहल्ले में बिजली के पोल लगाने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद उन्हें आश्वासन तो मिलता है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है.

पोल और तार लगाने की मांग

वैदाचक मोहल्ले के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि घरों तक बिजली कनेक्शन पहुंचने के बाद भी पोल और सुरक्षित तार की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें मजबूरी में बांस के सहारे बिजली लेनी पड़ रही है. उन्होंने मोहल्ले में जल्द बिजली के पोल और तार लगाने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को टाला जा सके.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन