सुरक्षित और शांतिपूर्ण रेल सफर के लिए विशेष जांच अभियान की मांग
Published by : SHUBHASH BAIDYA Updated At : 12 Jun 2026 7:59 PM
हंसडीहा से शाम के समय खुलकर मंदारहिल पहुंचने वाली पैसेंजर ट्रेन क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन बनी हुई है.
हंसडीहा-मंदारहिल पैसेंजर में बढ़ रही यात्रियों की संख्या
बौंसी. हंसडीहा से शाम के समय खुलकर मंदारहिल पहुंचने वाली पैसेंजर ट्रेन क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन बनी हुई है. इस ट्रेन से प्रतिदिन छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, महिलाएं और बुजुर्ग अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं. कम किराया और सुविधाजनक समय होने के कारण इस ट्रेन में यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ रहती है. हालांकि, हाल के दिनों में इस ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों ने कुछ गंभीर समस्याओं की ओर रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है. यात्रियों का कहना है कि सफर के दौरान कुछ लोग शराब के नशे में ट्रेन में चढ़ जाते हैं और यात्रा के दौरान गाली-गलौज, शोर-शराबा तथा हंगामा करते हैं. इससे ट्रेन का माहौल खराब हो जाता है और अन्य यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है.यात्रियों के अनुसार, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ सफर करने वाले परिवारों को ऐसी परिस्थितियों में सबसे अधिक परेशानी होती है. कई बार नशे में धुत यात्री आपस में बहस और विवाद करने लगते हैं, जिससे पूरे डिब्बे में तनाव का वातावरण बन जाता है. ऐसे हालात में आम यात्रियों को भय और असुरक्षा की भावना के बीच यात्रा करनी पड़ती है. इसी को देखते हुए यात्रियों ने रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) से ट्रेन में विशेष जांच अभियान चलाने की मांग की है. उनका कहना है कि स्टेशन और ट्रेन दोनों जगह नियमित जांच की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि नशे की हालत में यात्रा करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके. यात्रियों का मानना है कि यदि समय-समय पर सघन जांच और सुरक्षा निगरानी बढ़ाई जाए तो ट्रेन में अनुशासन बना रहेगा और सभी यात्रियों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में यात्रा करने का अवसर मिलेगा. उन्होंने रेलवे प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र और प्रभावी कदम उठाने की अपील की है. इस मामले में पूछे जाने पर भागलपुर जीआरपी थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि ट्रेन में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम किया जाएगा और आवश्यक जांच आरंभ कराया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










