कटोरिया के जंगल में डिलीवरी ब्वॉय से फिल्मी अंदाज में लूट, बाइक समेत 44 पार्सल लेकर फरार हुए छह बदमाश

Updated:
विज्ञापन

आवेदन के साथ पीड़ित डिलीवरी ब्वॉय. | Prabhat Khabar Network

Delivery Boy Robbed : कटोरिया थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस बढ़ा है. औरावरण जंगल में छह बदमाशों ने एक डिलीवरी ब्वॉय को रोका, मारपीट की और उसकी बाइक, नकदी, ब्लूटूथ व 44 पार्सल लूट लिए. यह 11 दिनों में दूसरी ऐसी घटना है.

विज्ञापन

Delivery Boy Robbed : कटोरिया थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. हिरणा-दोलभंगा मार्ग स्थित औरावरण जंगल में दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक डिलीवरी ब्वॉय को रोककर पहले बहाने से सुनसान जगह ले गए, फिर मारपीट कर उसकी बाइक, नकदी, ब्लूटूथ और दर्जनों पार्सल लूट लिए. घटना के बाद सभी बदमाश बुढ़ीघाट गांव की ओर फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पार्सल देने जा रहा था डिलीवरी ब्वॉय

पीड़ित रौशन कुमार सिन्हा, भोरसार गांव निवासी विनोद कुमार सिन्हा के पुत्र हैं और पिछले दो माह से वोल्मो कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने कटोरिया थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वह कानीमहुआ गांव में ग्राहक को पार्सल देने जा रहे थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार छह युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया.

दादी को धक्का मारने का आरोप लगाकर जंगल में ले गए

रौशन के अनुसार बदमाशों ने पहले उन पर अपनी दादी को धक्का मारकर भागने का आरोप लगाया. जब उन्होंने आरोप से इनकार किया तो सभी युवक जबरन उन्हें औरावरण जंगल की ओर ले गए. वहां उनके साथ मारपीट की गई और उसकी बाइक (JH-15AE-8083), तीन हजार रुपये नकद, ब्लूटूथ तथा 44 पार्सल लूट लिए. लूटे गए पार्सल और ब्लूटूथ की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है.

मोबाइल छीनने की कोशिश भी की

पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन भी छीनने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने साहस दिखाते हुए मोबाइल नहीं सौंपा. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बुढ़ीघाट गांव की ओर फरार हो गए. कटोरिया थाना पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और आसपास के सुरागों के आधार पर उनकी पहचान शुरू कर दी है.

11 दिन में डिलीवरी ब्वॉय से लूट की दूसरी घटना

यह महज 11 दिनों के भीतर डिलीवरी कर्मी से लूट की दूसरी बड़ी घटना है. इससे पहले 5 जुलाई 2026 को जयपुर थाना क्षेत्र के दतकिचवा जंगल के समीप फ्लिपकार्ट के डिलीवरी ब्वॉय गुड्डू कुमार से बाइक, 33 पार्सल, नकदी और आधार कार्ड लूट लिया गया था.

उस मामले में एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ डॉ. रवींद्र मोहन प्रसाद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के जरिए मात्र चार दिनों में मामले का खुलासा कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस ने लूट में प्रयुक्त बाइक और लूटा गया आधार कार्ड भी बरामद कर लिया था.

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने डिलीवरी एजेंसियों से जुड़े कर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब लोगों की नजर इस बात पर है कि पुलिस इस नई वारदात का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन