सुईया पहाड़ के पास बेहोश हुआ डाकबम, होटल संचालक ने बाइक से पहुंचाया अस्पताल

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल में भर्ती डाक बम | Prabhat Khabar Network

बांका के सुईया पहाड़ के पास बेहोश हुए डाकबम की मदद के लिए होटल संचालक फरिश्ता बनकर सामने आया और समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) : सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर डाकबम बनकर बाबाधाम जा रहे एक शिवभक्त की सुईया पहाड़ के समीप अचानक तबीयत बिगड़ गई. सांस लेने में परेशानी के बाद वह बेहोश होकर सड़क किनारे गिर पड़ा. संकट की घड़ी में कांवरिया पथ के होटल संचालक ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाइक से कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

आपके शहर में

विज्ञापन

होटल संचालक ने दिखाई तत्परता

सुईया गांव निवासी होटल संचालक बबलू यादव ने बिना समय गंवाए डाकबम को बाइक पर बैठाया और अस्पताल पहुंचाया. उन्होंने अपना होटल स्टाफ के भरोसे छोड़कर श्रद्धालु की मदद को प्राथमिकता दी.

ऑक्सीजन देकर किया गया प्राथमिक उपचार

अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार के नेतृत्व में चिकित्सक डॉ. शैलजानंद शुक्ला और डॉ. प्रत्युष ने डाकबम का प्राथमिक उपचार किया. सांस लेने में परेशानी को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ऑक्सीजन भी दी.

कुहका गांव का रहने वाला है डाकबम

डाकबम की पहचान कटोरिया प्रखंड के दामोदरा पंचायत अंतर्गत कुहका गांव निवासी भूमेश्वर यादव के 25 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई. घटना की सूचना मिलते ही उसके भाई पूरन यादव समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे. समय पर अस्पताल पहुंचने और इलाज मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली.

मदद के लिए छोड़ा होटल का काम

बबलू यादव की तत्परता और संवेदनशीलता की लोगों ने सराहना की. उन्होंने बताया कि डाकबम की हालत देखकर उन्होंने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाने का फैसला किया. उनकी इस पहल ने कांवरिया पथ पर मानवता की मिसाल पेश की.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन