डॉक्टरों और स्टाफ की भारी कमी से जूझ रहा बौंसी रेफरल अस्पताल, विधायक ने सदन में उठाया मुद्दा

Updated:
विज्ञापन
रेफरल अस्पताल बौंसी के वार्ड में भर्ती मरीज.

रेफरल अस्पताल बौंसी के वार्ड में भर्ती मरीज.

Bounsi Hospital Staff Shortage : बौंसी रेफरल अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं. विधायक द्वारा विधानसभा में उठाए जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है.

विज्ञापन

Bounsi Hospital Staff Shortage : कटोरिया विधानसभा क्षेत्र के बौंसी रेफरल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं संसाधनों के अभाव में प्रभावित हैं. अस्पताल में कई महत्वपूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद खाली हैं, जबकि नर्सिंग और तकनीकी स्टाफ की भी भारी कमी है. स्थानीय विधायक पूरन लाल टूड्डू ने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाकर सरकार से तत्काल चिकित्सकों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की थी.

विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से प्रभावित हो रही स्वास्थ्य सेवाएं

रेफरल अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ जैसे महत्वपूर्ण पद लंबे समय से खाली हैं. वर्तमान में केवल चार से पांच चिकित्सा पदाधिकारियों के भरोसे अस्पताल की व्यवस्था चल रही है. इसका सीधा असर आपातकालीन सेवाओं, प्रसव, ऑपरेशन और गंभीर मरीजों के इलाज पर पड़ रहा है.

प्रसूति कक्ष में नर्सों की भारी कमी

अस्पताल के प्रसूति कक्ष की स्थिति भी चिंताजनक है. निर्धारित मानकों के अनुसार यहां 23 जीएनएम की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में केवल चार जीएनएम के भरोसे व्यवस्था संचालित की जा रही है. स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत एएनएम को मुख्यालय बुलाकर ड्यूटी कराई जा रही है, जिससे गांवों की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं.

अल्ट्रासाउंड और आईसीयू जैसी सुविधाओं का अभाव

अस्पताल में ड्रेसर, फार्मासिस्ट और ऑपरेशन थिएटर सहायक के पद भी खाली हैं. इससे मरीजों को समय पर ड्रेसिंग, दवा वितरण और शल्य चिकित्सा संबंधी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. वहीं अल्ट्रासाउंड मशीन और प्रशिक्षित विशेषज्ञ के अभाव के साथ-साथ आईसीयू सुविधा नहीं होने से गंभीर मरीजों को भागलपुर या अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है.

विधायक ने विधानसभा में उठाया था मामला

स्थानीय विधायक पूरन लाल टूड्डू ने विधानसभा सत्र के दौरान बौंसी रेफरल अस्पताल की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि बौंसी और आसपास के हजारों ग्रामीणों की स्वास्थ्य सेवाएं इसी अस्पताल पर निर्भर हैं. उन्होंने सरकार से जल्द विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की थी. हालांकि अब तक स्थिति में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हो सका है.

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने भी मानी कमी

रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की कमी के संबंध में विभाग को पहले ही कई बार अवगत कराया जा चुका है. उपलब्ध संसाधनों के आधार पर 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन पर्याप्त मानव संसाधन के बिना गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा देना चुनौती बना हुआ है.

रेफरल अस्पताल में स्वीकृत एवं कार्यरत कर्मचारियों की स्थिति

रेफरल अस्पताल में स्वीकृत एवं कार्यरत कर्मचारियों की स्थिति

  • चिकित्सा पदाधिकारी: 13 पद स्वीकृत, 5 कार्यरत.
  • जीएनएम (स्टाफ नर्स): 4 पद स्वीकृत, 3 कार्यरत.
  • एएनएम: 57 पद स्वीकृत, 42 कार्यरत.
  • लेडीज हेल्थ विजिटर: 6 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.
  • सेनेटरी इंस्पेक्टर: 1 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.
  • लैब टेक्नीशियन: 2 पद स्वीकृत, 1 कार्यरत.
  • ओटी असिस्टेंट: 1 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.
  • नेत्र सहायक: 1 पद स्वीकृत, 1 कार्यरत.
  • ड्रेसर: 1 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.
  • पुरुष कक्ष सेवक: 3 पद स्वीकृत, सभी 3 कार्यरत.
  • महिला कक्ष सेविका: 3 पद स्वीकृत, सभी 3 कार्यरत.
  • आदेशपाल: 2 पद स्वीकृत, दोनों कार्यरत.
  • स्वीपर: 4 पद स्वीकृत, सभी 4 कार्यरत.
  • रसोइया: 1 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.
  • रसोइया सहायक: 1 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.
  • माली: 1 पद स्वीकृत, 1 कार्यरत.
  • रात्रि प्रहरी: 1 पद स्वीकृत, 1 कार्यरत.
  • चालक: 2 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.
  • स्वास्थ्य प्रशिक्षक: 1 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.
  • स्वास्थ्य कार्यकर्ता: 3 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.
  • स्वास्थ्य सेवक: 3 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.
  • परिवार कल्याण कार्यकर्ता: 3 पद स्वीकृत, 1 कार्यरत.
  • बुनियादी स्वास्थ्य कार्यकर्ता: 2 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.
  • संगणक: 1 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.
  • प्रखंड प्रसार प्रशिक्षक: 1 पद स्वीकृत, कोई कार्यरत नहीं.


विज्ञापन
संजीव कुमार

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन