बांका की मंडी में अनाज के भाव में कोई बड़ा बदलाव नहीं, प्याज व टमाटर समेत हरी सब्जियों के भाव में तेजी
Mandi AI Image
बांका की व्यावसायिक मंडी में दाल, तेल और सब्जियों के भावों में तेजी देखी गई है, जबकि गेहूं और मक्का के भाव स्थिर रहे. माल ढुलाई खर्च बढ़ने से आम लोगों के रसोई बजट पर असर पड़ रहा है.
बांका की व्यावसायिक मंडी में सोमवार को खाद्यान्न की आवक सामान्य रहने से गेहूं, चावल और मक्का समेत कई जिंसों के भाव में बड़ा बदलाव नहीं हुआ. हालांकि दलहन, तेलहन और सरसों की कीमतों में उछाल देखा गया. दूसरी ओर शहर के सब्जी बाजार में बाहर से आने वाली सब्जियों के दाम बढ़े हैं. आलू की कीमतों में रोजाना की तरह उतार-चढ़ाव जारी है, जबकि हरी सब्जियों के भाव भी लगातार बढ़ रहे हैं.
आपके शहर में
दाल-तेल के बढ़ते भाव ने बढ़ायी चिंता
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार मंडी में दलहन, तेलहन, सरसों और मसालों के भाव में तेजी का रुख है. मसूर दाल 6500 से 7000 रुपये प्रति क्विंटल, मूंग दाल 9650 से 9750 रुपये और अरहर दाल 12500 से 15500 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रही है.
पीली सरसों का भाव 7300 से 7550 रुपये प्रति क्विंटल है. वहीं सरसों तेल की 15 लीटर की कीमत 2070 से 2470 रुपये तक पहुंच गयी है. रोजमर्रा के खाद्य सामान में दाल और तेल की कीमत बढ़ने से आम परिवारों के रसोई बजट पर सीधा असर पड़ रहा है.
प्याज में तेजी, आलू में जारी उतार-चढ़ाव
सब्जी बाजार में प्याज की कीमत 4500 से 4700 रुपये प्रति क्विंटल तक है. टमाटर समेत बाहर से आने वाली सब्जियों के भाव में भी तेजी देखी गयी. हरी सब्जियों की कीमतों में दिन-प्रतिदिन बढ़ोतरी से खरीदारों की परेशानी बढ़ रही है.
आलू की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है. सोमवार को आलू 1200 से 1450 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका. व्यापारियों के अनुसार आवक और मांग के आधार पर आने वाले दिनों में इसके भाव में बदलाव हो सकता है.
ट्रांसपोर्टिंग खर्च बढ़ने से महंगे हो रहे सामान
मंडी कारोबारियों का कहना है कि माल ढुलाई का खर्च बढ़ने का असर खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है. लंबी दूरी से आने वाले माल पर ईंधन और परिवहन खर्च बढ़ने के कारण थोक विक्रेताओं से लेकर खुदरा कारोबारियों तक को अधिक भाड़ा देना पड़ रहा है.
बांका की मंडी में पूर्णिया के गुलाबबाग और कोलकाता की विभिन्न मंडियों से खाद्यान्न व अन्य जिंसों की आवक होती है. ऐसे में लंबी दूरी की ढुलाई का खर्च बढ़ने पर उसका सीधा असर बाजार भाव पर पड़ता है.
गेहूं-मक्का के भाव में बड़ा बदलाव नहीं
सोमवार को गेहूं 2600 से 2650 रुपये और मक्का 2100 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल रहा. मंसूरी चावल 3250 से 3400 रुपये, अरवा मोटा चावल 3100 से 3250 रुपये और बासमती चावल 12500 से 13500 रुपये प्रति क्विंटल बिका.
गोटा चना 6300 से 6500 रुपये, गोटा मूंग 8500 से 9000 रुपये और चीनी 6500 से 6700 रुपये प्रति क्विंटल रही. कारोबारियों की नजर अब आवक, मौसम और मांग पर टिकी है. इन कारकों के आधार पर आने वाले दिनों में खाद्यान्न और अन्य जिंसों के भाव में और तेजी आने के संकेत मिल रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए