उधारी के 50 हजार रुपये मांगने पर विवाद, महिला से बदसलूकी का आरोप; विरोध करने पर पति से मारपीट
फोटो- जख्मी पीडित संतोष सिंह | Prabhat Khabar Network
बांका के हिजरार गांव में 50 हजार रुपये के उधारी को लेकर विवाद गहरा गया. आरोप है कि रुपये मांगने पर एक महिला से बदसलूकी की गई और विरोध करने पर उसके पति को बुरी तरह पीटा गया. मामले की जांच पुलिस कर रही है.
बांका, बाराहाट. थाना क्षेत्र के हिजरार गांव में उधारी के 50 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया. घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है. मामले में संतोष सिंह ने बाराहाट थाने में लिखित आवेदन देकर पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार, ब्लैकमेल करने के प्रयास और विरोध करने पर अपने साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
उधारी के 50 हजार रुपये वापस मांगने को लेकर हुआ विवाद
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार संतोष सिंह की पत्नी वंदना देवी ने गांव के ही मंगल साह, महेंद्र साह, पिता रामजतन साह और मनोहर साह, पिता महेंद्र साह से पूर्व में दिए गए उधारी के 50 हजार रुपये वापस मांगे थे. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि रुपये की मांग करने पर आरोपितों ने वंदना देवी के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की. साथ ही उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है.
पत्नी से दुर्व्यवहार का विरोध करने पहुंचे थे संतोष
आवेदन के अनुसार पत्नी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की जानकारी मिलने के बाद संतोष सिंह आरोपितों के घर पहुंचे और इसका विरोध किया. आरोप है कि इसी दौरान सभी आरोपितों ने एकजुट होकर उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी. मारपीट की घटना में संतोष सिंह के गंभीर रूप से जख्मी होने की बात आवेदन में कही गयी है. घटना के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया.
आवेदन मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस
पैसे के विवाद से शुरू हुआ मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है. पीड़ित पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. प्रभारी थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि मामले को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है. दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है. जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए