जीविका सीएम ने घर में फांसी लगाकर दी जान, दो साल की बेटी के सिर से उठा मां का साया, जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
जीविका सीएम ने घर में फांसी लगाकर दी जान, दो साल की बेटी के सिर से उठा मां का साया, जांच में जुटी पुलिस

Banka News : शाम तक ग्रुप लोन की बैठक में थीं सक्रिय, कुछ घंटों बाद कमरे में फंदे से लटकी मिलीं. घटना से पूरे इलाके में शोक, फोरेंसिक टीम ने भी जुटाए साक्ष्य.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के कटोरिया प्रखंड अंतर्गत आनंदपुर थाना क्षेत्र के भैरोगंज बाजार में जीविका की सामुदायिक समन्वयक (सीएम) 24 वर्षीय प्रेमलता देवी ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए हैं. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है.

दो वर्षीय मासूम बेटी से छिन गया मां का साया

मृतका की पहचान भैरोगंज निवासी पंकज यादव की पत्नी प्रेमलता देवी के रूप में हुई है. वह अपने पीछे दो वर्षीय पुत्री प्रियांशी को छोड़ गई हैं. मां की असामयिक मौत से मासूम बेटी के सिर से ममता का साया उठ गया. घटना के बाद ससुराल और मायके दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है. गांव में भी शोक का माहौल है.

शाम तक सामान्य थीं, फिर उठाया यह कदम

परिजनों के अनुसार शनिवार की शाम तक प्रेमलता देवी पूरी तरह सामान्य थीं. उन्होंने जीविका समूह की दीदियों के साथ ग्रुप लोन से संबंधित बैठक में हिस्सा लिया और सामान्य रूप से बातचीत भी की. किसी ने भी उनके व्यवहार में किसी तरह की असामान्यता नहीं देखी थी. इसी कारण घटना ने सभी को हैरान कर दिया है.

घर में अकेली थीं, कमरे में लगाई फांसी

बताया गया कि जब घर के अधिकांश सदस्य बाहर थे, उसी दौरान उन्होंने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो वह फंदे से लटकी मिलीं. आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

फोरेंसिक टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

Banka News : घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

आत्महत्या की वजह अब भी रहस्य

पुलिस के अनुसार फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.

ALSO READ: क्या मंदार की गोद में दफ्न है 53 गलियों और 52 बाजारों वाला ‘वालिशा’ नगर? इतिहास, पुरातत्व और लोककथाओं ने बढ़ाया रहस्य

विज्ञापन
Pintu Pranav

लेखक के बारे में

By Pintu Pranav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन