बांका में श्रावणी मेला की तैयारियां अधूरी, 100 KM मार्ग पर कांवरियों के लिए सरकारी सुविधा नदारद

Updated:
विज्ञापन
बांका में श्रावणी मेला की तैयारियां अधूरी, 100 KM मार्ग पर कांवरियों के लिए सरकारी सुविधा नदारद

Banka Kanwar Path News : सुलतानगंज से बासुकीनाथ जाने वाले सौ किलोमीटर लंबे मार्ग पर आज भी कांवरियों के लिए पेयजल, रोशनी और विश्राम जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है.

विज्ञापन

अमरपुर बांका से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट

Banka Kanwar Path News : श्रावण माह शुरू होने में अब लगभग एक माह का समय शेष है, लेकिन बांका जिले के शाहकुंड-अमरपुर-बांका होकर बाबा बासुकीनाथ धाम जाने वाले कांवरिया पथ पर अब तक सरकारी स्तर पर किसी प्रकार की ठोस तैयारी दिखाई नहीं दे रही है. करीब सौ किलोमीटर लंबे इस मार्ग से हर वर्ष हजारों शिवभक्त गुजरते हैं, लेकिन पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, विश्राम स्थल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, सुरक्षा और प्राथमिक उपचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का अब भी अभाव बना हुआ है.

तपती धूप और अंधेरे में सफर करने को मजबूर श्रद्धालु

ऐसे में हर वर्ष की तरह इस बार भी कांवरियों को तपती धूप, अंधेरे और बदहाल सड़क के सहारे कठिन यात्रा पूरी करनी पड़ सकती है. रात के समय कई स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं रहने से श्रद्धालुओं को अंधेरे में यात्रा करनी पड़ती है, जबकि कई जगह सड़क की स्थिति भी जर्जर बनी हुई है.

Banka Kanwar Path News :सुलतानगंज से जल लेकर निकलते हैं लाखों श्रद्धालु

श्रावणी मेले के दौरान उत्तरवाहिनी गंगा सुलतानगंज से जल भरकर लाखों श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक के लिए रवाना होते हैं. विभिन्न जिलों के प्रशासन द्वारा जगह-जगह चिकित्सा शिविर, पेयजल, विश्राम स्थल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाते हैं. इसके विपरीत शाहकुंड-अमरपुर-बांका मार्ग से गुजरने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए आज तक ऐसी सरकारी व्यवस्था नहीं हो सकी है.

देश-विदेश से पहुंचते हैं हजारों कांवरिये

स्थानीय लोगों के अनुसार पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, नेपाल और काठमांडू सहित देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से हजारों कांवरिये हर वर्ष शाहकुंड, अमरपुर और बांका होकर बाबा बासुकीनाथ धाम की यात्रा करते हैं. इसके बावजूद यह महत्वपूर्ण मार्ग आज भी सरकारी उपेक्षा का शिकार बना हुआ है.

पेयजल और विश्राम की कमी से बढ़ती है परेशानी

दिन में तेज धूप और उमस के बीच पर्याप्त पेयजल और विश्राम की सुविधा नहीं होने से श्रद्धालुओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. कई स्थानों पर प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सहायता की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है, जिससे आपात स्थिति में परेशानी और बढ़ जाती है.

समाजसेवी संगठनों के भरोसे चल रही व्यवस्था

अमरपुर शहर में कुछ सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों द्वारा अपने स्तर पर सेवा शिविर लगाकर कांवरियों को शरबत, पेयजल, प्राथमिक उपचार और विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है. हालांकि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए यह व्यवस्था पर्याप्त साबित नहीं हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक सहयोग मिलने पर इन शिविरों का दायरा और अधिक बढ़ाया जा सकता है.

ज्यैष्ठगौर नाथ मंदिर में भी सुविधाओं का अभाव

अमरपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा ज्यैष्ठगौर नाथ महादेव मंदिर में भी सावन के प्रत्येक सोमवार को हजारों श्रद्धालु सुलतानगंज से लगभग 55 किलोमीटर पैदल चलकर जलाभिषेक करने पहुंचते हैं. डाक बम सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त यहां पूजा-अर्चना करते हैं, लेकिन मंदिर परिसर में भी आज तक स्थायी सरकारी सुविधाएं विकसित नहीं हो सकी हैं. पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा सहायता और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ती है.

श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उठाई मांग

आम लोगों, सामाजिक संगठनों और शिवभक्तों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा तैयारी शुरू नहीं की गई तो श्रावणी मेले के दौरान हजारों कांवरियों को एक बार फिर मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कठिन यात्रा करने को मजबूर होना पड़ेगा.

जिला प्रशासन से युद्धस्तर पर तैयारी की मांग

लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि श्रावण माह शुरू होने से पहले पूरे मार्ग का निरीक्षण कर पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, विश्राम स्थल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा, शौचालय और सड़क मरम्मत जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं युद्धस्तर पर पूरी की जाएं, ताकि बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सके.

ये भी पढ़े : 18 घंटे बाद बेसुध हालत में मिला लापता किशोर, होश आने के बाद खुलेगा रहस्य

विज्ञापन
अमित कुमार सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमित कुमार सिन्हा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन