औरंगाबाद में शाम से लापता 34 वर्षीय युवक का आहर में तैरता मिला शव, डूबने की आशंका
ग्रामीणों की भीड़
Aurangabad News : औरंगाबाद के देव प्रखंड में लापता युवक का शव आहर में तैरता मिला. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के देव प्रखंड की सरगावा पंचायत के केसौर गांव में शुक्रवार की शाम से लापता 34 वर्षीय युवक का शव शनिवार की दोपहर गांव के आहर में तैरता मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. प्रथमदृष्टया युवक की मौत आहर में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
आपके शहर में
शुक्रवार की शाम घर से निकला था युवक
मृतक की पहचान केसौर गांव निवासी अशोक शर्मा के पुत्र सुनील शर्मा के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार, सुनील शुक्रवार की शाम किसी काम से घर से निकला था. देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को उसकी चिंता हुई. इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की. रातभर गांव और आसपास के इलाकों के साथ ग्रामीणों के घरों में भी उसके बारे में जानकारी ली गई. ग्रामीण भी परिजनों के साथ युवक की तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
आहर में तैरता मिला शव, पहचान होते ही मची चीख-पुकार
शनिवार की दोपहर गांव स्थित आहर में कुछ लोगों की नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी. इसकी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों की मदद से शव को आहर से बाहर निकाला गया. शव की पहचान सुनील शर्मा के रूप में होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल बना हुआ है.
Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
पुलिस ने शुरू की जांच, यूडी केस दर्ज
घटना की सूचना मिलने के बाद देव थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू की. मृतक के भाई अनिल कुमार शर्मा के बयान पर देव थाने में यूडी केस दर्ज किया गया है. भाई ने पुलिस को बताया है कि सुनील की मौत आहर में डूबने से हुई है. हालांकि, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
Also Read : बेगूसराय के नावकोठी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 दिनों का टेक होम राशन वितरित
मुखिया प्रतिनिधि ने जताया दुख
सरगावा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विनोद कुमार सिंह ने घटना पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि सुनील बेहद सुलझा हुआ युवक था. उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.
Also Read : दिल्ली रैली की तैयारी में जुटी भाकपा, साहेबपुर कमाल से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए