हाइवा व इ-रिक्शा की टक्कर में इ-रिक्शा सवार महिला की मौत
Published by : SUJIT KUMAR Updated At : 27 Jan 2026 5:36 PM
दाउदनगर-औरंगाबाद मुख्य पथ पर डीएवी स्कूल के समीप हुई घटना, इ रिक्शे से घर से ब्लॉक कार्यालय जा रही थीं गीता देवी
दाउदनगर-औरंगाबाद मुख्य पथ पर डीएवी स्कूल के समीप हुई घटना इ रिक्शे से घर से ब्लॉक कार्यालय जा रही थीं गीता देवी दाउदनगर. दाउदनगर-औरंगाबाद मुख्य पथ पर डीएवी स्कूल के समीप एक हाइवा और इ रिक्शे की आमने-सामने की टक्कर में इ-रिक्शा पर सवार एक महिला की मौत हो गयी. इ-रिक्शा पर सवार दो अन्य लोग घायल हो गये. घटना डीएवी स्कूल से करीब 100 मीटर पीछे की है. मृतका की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के पत्थर कट्टी निवासी गोविंद कुमार की 29 वर्षीया पत्नी गीता देवी के रूप में की गयी है. दुर्घटना में घायल मायापुर निवासी मधु कुमारी और तरारी निवासी उमेश कुमार का इलाज पीसी हॉस्पिटल में किया गया. जानकारी के अनुसार, गीता देवी इ-रिक्शा पर सवार होकर अपने घर से ब्लॉक कार्यालय जा रही थी, जहां बच्चों का जाति, आय व आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने का कार्य कराना था. इसी दौरान डीएवी स्कूल के समीप दाउदनगर की ओर से जा रही एक हाइवा वाहन ने इ-रिक्शा में टक्कर मार दिया, जिससे घटनास्थल पर ही गीता देवी की मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया गया. लोगों का कहना था कि एनएच 139 पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, जिसमें लोगों को जान गंवानी पड़ रही है. इसे फोर लेन करने की मांग लगातार उठाई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, सब इंस्पेक्टर सुदीश कुमार, अभिषेक कुमार, एएसआइ सत्येंद्र तिवारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गये. ग्रामीणों को समझा बुझाकर सड़क जाम समाप्त करवाया गया. इसके बाद यातायात सामान्य हुआ. अपर थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है. दुर्घटनाग्रस्त हाइवा व इ-रिक्शे को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. घटनास्थल पर राजद प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य विनोद कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि पहुंचे और पीड़ीत परिवार को सांत्वना प्रदान किया. मृतका के पति गोविंद कुमार पिकअप वाहन चालक बताया जाता है. मृतका के दो बच्चे हैं. वहीं, दूसरी ओर, सड़क दुर्घटना में महिला की मौत के बाद सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सड़क जाम समाप्त होने के बाद यातायात सामान्य हो सका.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










