औरंगाबाद के बटाने नदी में डूबने से दो युवक लापता, पिकनिक मनाने पहुंचे तीन युवकों में एक को बचाया गया
बटाने नदी में युवकों के डूबने के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़ | Prabhat Khabar Network
Aurangabad News : झारखंड के पलामू में बटाने नदी में पिकनिक मनाने गए तीन युवक डूब गए. एक को बचा लिया गया है, जबकि दो युवकों की तलाश जारी है. प्रशासन मौके पर मौजूद है.
Aurangabad News : बिहार से सटे झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को बटाने नदी की तेज धार में डूबने से दो युवक लापता हो गए, जबकि एक युवक को स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद बचा लिया. घटना डेमा टोला स्थित बेलघाटी पुल के समीप की है.
आपके शहर में
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक पिकनिक मनाने के लिए नदी किनारे पहुंचे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकनिक के दौरान तीनों युवक नदी में उतरकर वीडियो बना रहे थे. इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और तेज धार की चपेट में आ गए. युवकों को नदी में उतरते देख मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें गहरे पानी में नहीं जाने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया. कुछ ही देर बाद तीनों युवक डूबने लगे.
स्थानीय लोगों ने एक युवक को बचाया
युवकों को डूबता देख स्थानीय राजेंद्र साव व अन्य लोगों ने काफी मशक्कत के बाद एक युवक को नदी से बाहर निकाल लिया. बचाया गया युवक औरंगाबाद जिले के टीकरी पर मिनी बिगहा का रहने वाला बताया जा रहा है. नदी से निकालने के समय वह बेहोशी की हालत में था.

स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. युवक की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया.
Also Read : कांवरिया सेवा शिविर का महाभंडारे के साथ समापन, विधायक अनिल सिंह ने की शुरुआत
तेज धार के कारण लापता युवकों की तलाश में परेशानी
हादसे के बाद नदी में लापता रितिक और टेनी की तलाश में स्थानीय लोगों ने काफी देर तक अभियान चलाया, लेकिन बटाने नदी की तेज धार और अधिक गहराई के कारण दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका. समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों की तलाश जारी थी.

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर हरिहरगंज थाना के एसआई अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जानकारी ली. साथ आए व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि रितिक और टेनी नदी में डूबने के बाद से लापता हैं. पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के साथ लापता युवकों की तलाश को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.
Also Read : लोमष ऋषि पहाड़ी पर सावन पूर्णिमा मेले का समापन, हजारों श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए