पांच किलोमीटर मैराथन ने बढ़ाई फिटनेस और सामाजिक जागरूकता

Published by : Vikash Kumar Updated At : 22 Feb 2026 9:38 PM

विज्ञापन

AURANGABAD NEWS.बिहार पुलिस सप्ताह 2026 के अवसर पर जनसंपर्क, सामाजिक जागरूकता और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पांच किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल ने हरी झंडी दिखाकर किया.

विज्ञापन

बिहार पुलिस सप्ताह : महिला-पुरुष वर्ग में विजेताओं का चयन, प्रतिभागियों में उत्साह और अनुशासन देखा गया

औरंगाबाद कार्यालय.

बिहार पुलिस सप्ताह 2026 के अवसर पर जनसंपर्क, सामाजिक जागरूकता और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पांच किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल ने हरी झंडी दिखाकर किया. इस दौरान पुलिस पदाधिकारी, जवान, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे. मैराथन में महिला और पुरुष वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच दोनों वर्गों से अलग-अलग टॉप-तीन विजेताओं का चयन किया गया, जिन्हें प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार पुलिस सप्ताह केवल औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास, सहयोग और सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है. मैराथन जैसे आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है.कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को फिटनेस अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया. आयोजन को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा गया.

मैराथन में महेंद्र और स्वीटी रहे टॉप पर

पुलिस केंद्र से रमेश चौक और फिर रमेश चौक से पुलिस केंद्र तक प्रतिभागियों ने दौड़ लगायी. लड़कों में रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन निवासी भगवान दास के पुत्र महेंद्र कुमार ने 17 मिनट 57 सेकेंड में पहला स्थान प्राप्त किया. गया जिले के गुरूआ निवासी सन्नी कुमार दूसरे और टिकारी निवासी सौरभ कुमार तीसरे स्थान पर रहे. लड़कियों में गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र के शेरपुरा पंचदेवता निवासी संजय पासवान की पुत्री स्वीटी कुमारी ने 22 मिनट 40 सेकेंड में पहला स्थान हासिल किया. उसकी बहन डॉली कुमारी दूसरे और सिवान जिले की सोनाली कुमारी तीसरे स्थान पर रही. नवादा जिले की 10 वर्षीय अनु कुमारी चौथे नंबर पर रही, लेकिन अपने जज्बे और प्रयास से सभी का दिल जीत लिया. एसपी ने उसकी सराहना की.

27 फरवरी को सम्मानित होंगे विजेता प्रतिभागी

बिहार पुलिस सप्ताह का आयोजन 27 फरवरी तक चलेगा. इसके तहत मैराथन दौड़, बॉलीवुड टूर्नामेंट, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर (23 फरवरी), महिला पुलिस कर्मियों की बाइक रैली (24 फरवरी) और पुलिस म्यूजिकल शो (24 फरवरी) आयोजित होंगे. 26 फरवरी को नशामुक्ति से संबंधित नुक्कड़ नाटक और 27 फरवरी को पुलिस केंद्र में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे.

विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन