लीड..... शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की पहल का दिख रहा असर, विद्यार्थियों को मिल रहा लाभ : मंत्री

Published by : SUJIT KUMAR Updated At : 27 Jan 2026 3:57 PM

विज्ञापन

गांधी मैदान में जिले के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन ने किया झंडोत्तोलन, मंत्री के साथ डीएम व एसपी ने परेड की की ली सलामी, विभागों ने निकाली झांकियां

विज्ञापन

गांधी मैदान में जिले के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन ने किया झंडोत्तोलन

मंत्री के साथ डीएम व एसपी ने परेड की की ली सलामी, विभागों ने निकाली झांकियां

औरंगाबाद कार्यालय. औरंगाबाद के ऐतिहासिक गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह हुआ. यहां प्रदेश के लघु जल संसाधन मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन ने झंडाेत्तोलन किया. इससे पहले प्रभारी मंत्री के साथ डीएम अभिलाषा शर्मा व एसपी अंबरीश राहुल ने परेड का निरीक्षण किया. प्रभारी मंत्री ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले समस्त महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा हाल के दिनों में देश की सीमाओं पर मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी. मंत्री ने बिहार विभूति डॉ अनुग्रह नारायण सिन्हा एवं जिले के ओबरा प्रखंड के खरांटी निवासी स्वतंत्रता सेनानी जगतपति कुमार को विशेष रूप से स्मरण करते हुए नमन किया. अपने संबोधन में जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, अल्पसंख्यक कल्याण, महिला सशक्तीकरण, विद्युत आपूर्ति, पर्यटन एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी. प्रभारी मंत्री ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय छात्रावास, अटल टिंकरिंग लैब, विज्ञान एवं गणित प्रयोगशालाएं, आइसीटी लैब, टैबलेट वितरण व गणित समर कैंप जैसी पहलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे है. प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत 2.41 लाख से अधिक बच्चों को पोषाहार उपलब्ध कराया जा रहा है. सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं से जिले के 3,00,652 लाभुकों को 1100 प्रतिमाह की राशि प्रदान की जा रही है.

झांकी में कृषि विभाग को मिला पहला स्थान

मंत्री ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर निकाली गयी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आइसीडीएस, शिक्षा विभाग, मध निषेध एवं उत्पाद विभाग, परिवहन विभाग, उद्योग विभाग, उद्यान विभाग द्वारा आयोजित झांकियों का अवलोकन किया. इसमें बेहतर प्रस्तुती के लिए कृषि विभाग की झांकी को प्रथम, परिवहन विभाग को द्वितीय एवं शिक्षा विभाग की झांकी को तृतीय पुरस्कार मिला.

विजेताओं को भी मिला सम्मान

प्रभारी मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि एवं सराहनीय कार्य के लिए प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण व कांस्य पदक जीतने वाली कुमारी वसुंधरा तथा 10वीं इंडो-नेपाल इंटरनेशनल गेम में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले गुड्डू कुमार को सम्मानित किया. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए सामुदायिक समन्वयक कुटुंबा की फरजाना खातून, सामुदायिक समन्वयक देव की प्रियंका कुमारी व उद्योग विभाग के अंतर्गत को-ऑर्डिनेटर स्टार्टअप सेल राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के प्रो आनंद राज को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि व आम लोग शामिल थे. इधर, समाहरणालय में डीएम अभिलाषा शर्मा, पुलिस केंद्र में पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल, अनुमंडल कार्यालय पर एसडीओ संतन कुमार सिंह ने झंडोत्तोलन किया.

विज्ञापन
SUJIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन