शादी से 4 महीने पहले बुझ गया घर का चिराग, औरंगाबाद में सड़क हादसे में युवक की मौत
अस्पताल में लगी लोगों की भीड़
औरंगाबाद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय शशिकांत कुमार की जान चली गई. परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं क्योंकि उसकी शादी सिर्फ चार महीने दूर थी. पुलिस अज्ञात वाहन की भूमिका खंगाल रही है.
Road Accident : औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात सड़क हादसा हो गया. हादसे में 25 वर्षीय मजदूर शशिकांत कुमार उर्फ राजू की मौत हो गई. हादसा रफीगंज-शिवगंज पथ पर खड़वा मोड़ के पास हुआ. शशिकांत परिवार का इकलौता बेटा था. जानकारी के अनुसार करीब चार महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी. घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुई मौत की खबर से खुशियां मातम में बदल गईं.
आपके शहर में
काम खत्म कार लौट रहा था घर
शशिकांत रफीगंज में मजदूरी का काम करता था. गुरुवार की रात काम खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने गांव परोरा लौट रहा था. इसी दौरान खड़वा मोड़ के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. हादसे में शशिकांत गंभीर रूप से घायल हो गया.
आसपास मौजूद लोगों ने उससे तत्काल रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे. बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.
अज्ञात वाहन की चपेट में आने की आशंका
परिजनों को आशंका है कि शशिकांत की बाइक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने के बाद अनियंत्रित हुई और वह सड़क पर गिर गया. हालांकि, हादसा वास्तव में किस परिस्थिति में हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है.
घटना की सूचना मिलते पहुंची पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही रफीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटना से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने जांच में अज्ञात वाहन की भूमिका भी खंगाल रही है.
घटना के बाद सड़क पर लगा जाम
घटना के बाद कुछ देर के लिए खड़वा मोड़ के पास सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई. स्थानीय लोगों और परिजनों की भीड़ जुटने से आवागमन प्रभावित हुआ. बाद में पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हुई.
चार महीने बाद होनी थी शादी
मृतक के चचेरे भाई रोशन कुमार ने बताया कि शशिकांत परिवार का इकलौता बेटा था. उसकी दो बहनें हैं और दोनों की शादी हो चुकी है. परिवार की जिम्मेदारियों का बड़ा हिस्सा शशिकांत ही संभालता था. मजदूरी कर वह अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने में मदद करता था.
घर में चल रही थी तैयारी
शशिकांत की शादी करीब चार महीने बाद होने वाली थी. इसे लेकर परिवार में काफी खुशी का माहौल था. परिजन विवाह की तैयारियों में जुटे थे. घर में शादी की चर्चा चल रही थी, लेकिन एक सड़क हादसे ने परिवार की पूरी खुशियां छीन लीं.
पिता 12 वर्षों से मौन व्रत में
शशिकांत के पिता पलंगिया बांग्ला हनुमान मंदिर में पुजारी हैं. परिजनों के अनुसार, वह पिछले करीब 12 वर्षों से मौन व्रत में हैं. परिवार के लिए बेटे की मौत का सदमा बेहद बड़ा है. जिस बेटे से घर की जिम्मेदारियों को संभालने की उम्मीद थी, उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, शशिकांत मेहनती स्वभाव का था और मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था. उसकी असमय मौत से गांव में भी शोक का माहौल है.
जिला पार्षद ने की मुआवजे की मांग
शशिकांत की मौत की सूचना मिलने के बाद जिला पार्षद शंकर यादवेंदु रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और उन्हें सांत्वना दी. जिला पार्षद ने मृतक के आश्रित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की. साथ ही परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया.
Also Read : औरंगाबाद में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी, अलमारी का लॉक भी टूटा मिला, CCTV से चोरों की तलाश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुजीत कुमार सिंह
सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए